अदाणी पोर्ट्स को केयरएज से मिला 84.3 का ईएसजी स्कोर, मजबूत स्थिति की पुष्टि
अदाणी पोर्ट्स का ईएसजी स्कोर
अहमदाबाद: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (एपीएसईज़ेड) ने पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में पर्यावरण, सामाजिक और सुशासन (ईएसजी) के क्षेत्र में अपनी स्थिति को और मजबूत करते हुए केयरएज ईएसजी रेटिंग्स से 84.3 का स्कोर प्राप्त किया है।
यह स्कोर दर्शाता है कि अदाणी पोर्ट्स ईएसजी से जुड़े जोखिमों के प्रबंधन, पारदर्शिता, मजबूत नीतियों और प्रदर्शन में 'लीडरशिप' स्थिति में है। पिछले 81 अंकों की तुलना में, इस बार कंपनी का स्कोर 3.3 अंक बढ़ा है।
कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, यह रेटिंग केयरएज ईएसजी रेटिंग्स की वार्षिक समीक्षा के बाद दी गई है, जिसमें वित्त वर्ष 2025-26 की इंटीग्रेटेड एनुअल रिपोर्ट में किए गए नए खुलासे शामिल हैं।
कंपनी ने बताया कि यह रेटिंग बढ़ोतरी ईएसजी प्रदर्शन और पारदर्शिता में निरंतर सुधार को दर्शाती है।
रिपोर्ट के अनुसार, पर्यावरण के क्षेत्र में उत्सर्जन, ऊर्जा, पानी और कचरे की तीव्रता में कमी, नवीकरणीय ऊर्जा के अधिक उपयोग और पूरी वैल्यू चेन में पर्यावरण संबंधी पहलुओं को शामिल करने जैसे कदमों ने कंपनी के प्रदर्शन को बेहतर बनाया है।
सामाजिक क्षेत्र में सुरक्षा प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाने, शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने, विविधता, समान वेतन और कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने जैसे प्रयासों का भी सकारात्मक असर देखने को मिला है।
कंपनी ने बताया कि बोर्ड स्तर पर ईएसजी की निगरानी, व्यापक गवर्नेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम और वैल्यू चेन से जुड़े साझेदारों के साथ बेहतर समन्वय जैसी पहल ने उसके कॉरपोरेट गवर्नेंस ढांचे को और मजबूत किया है।
कंपनी ने कहा, 'यह रेटिंग इस बात की पुष्टि करती है कि पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में अदाणी पोर्ट्स ईएसजी के क्षेत्र में अग्रणी कंपनियों में शामिल है। यह पर्यावरण, सामाजिक और सुशासन से जुड़े सभी पहलुओं में सर्वोत्तम प्रक्रियाओं, पारदर्शिता और लगातार सुधार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।'
इस सप्ताह एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने भी अदाणी पोर्ट्स की लंबी अवधि की इश्यूअर क्रेडिट रेटिंग और सीनियर अनसिक्योर्ड नोट्स की रेटिंग को 'बीबीबी-' से बढ़ाकर 'बीबीबी' कर दिया था। साथ ही कंपनी के लिए 'स्टेबल' आउटलुक भी बरकरार रखा था।
एसएंडपी ने यह अपग्रेड कंपनी की मजबूत नकदी प्रवाह क्षमता और स्वस्थ वित्तीय स्थिति बनाए रखते हुए बड़े विस्तार कार्यक्रम को पूरा करने की क्षमता को देखते हुए दिया है।
इस अपग्रेड के बाद एसएंडपी की ओर से अदाणी पोर्ट्स की रेटिंग भारत की सॉवरेन रेटिंग के बराबर पहुंच गई है।