अमेरिका में 8.2 अरब डॉलर का LNG बंदरगाह निर्माण शुरू
टेक्सास में तरलीकृत प्राकृतिक गैस का नया बंदरगाह
अमेरिका ने भारतीय-अमेरिकी उद्यमी शरद टाक की कंपनी एसटी एलएनजी को टेक्सास के तट पर 8.2 अरब डॉलर की लागत से एक तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) बंदरगाह बनाने की अनुमति दी है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने हाल ही में जानकारी दी कि समुद्री प्रशासन (एमएआरएडी) ने इस परियोजना के लिए लाइसेंस देने की प्रक्रिया को तेज करते हुए अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट को 410 दिन में पूरा किया, जबकि सामान्यतः इसमें पांच साल लगते हैं। यह बंदरगाह मातागोर्डा तट से लगभग 10.4 मील की दूरी पर स्थित होगा।
अमेरिकी परिवहन विभाग के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण 2027 में शुरू होने की योजना है, और बंदरगाह 2029 तक चालू होने की उम्मीद है। इस बंदरगाह में 20 प्लेटफॉर्म, एलएनजी के भंडारण के लिए चार तैरती इकाइयां, चार जहाज बांधने की प्रणालियां और 7.7 मील लंबी पाइपलाइन शामिल होगी। यह स्थान इस तरह से चुना गया है कि जहाजों की आवाजाही व्यस्त इलाकों से दूर हो सके।
डफी ने कहा, "नौकरशाही की बाधाओं को कम करके और लाइसेंसिंग प्रक्रिया को आधुनिक बनाकर, ट्रंप प्रशासन टेक्सास के निवासियों के लिए बड़े आर्थिक अवसर पैदा कर रहा है।" एसटी एलएनजी के सीईओ टाक ने कहा कि इस प्रस्तावित निवेश से बनने वाले बंदरगाह की सालाना एलएनजी निर्यात क्षमता 84 लाख टन होगी, जिससे हजारों अमेरिकी नागरिकों को रोजगार मिलेगा और अमेरिका की ऊर्जा सुरक्षा में मजबूती आएगी।
अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच के अध्यक्ष मुकेश अघी ने भी इस गहरे समुद्री बंदरगाह के निर्माण के लिए लाइसेंस की स्वीकृति का स्वागत किया।
टाक एक पहले पीढ़ी के भारतीय-अमेरिकी उद्यमी हैं, जिन्होंने प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, ऊर्जा, प्रसारण और आतिथ्य क्षेत्रों में कई सफल व्यवसाय स्थापित किए हैं।