आंध्र प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में यूएई का निवेश आमंत्रित
मुख्यमंत्री नायडू का यूएई कंपनियों से निवेश का आग्रह
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रमुख कंपनियों को राज्य के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश के अवसरों की खोज करने के लिए आमंत्रित किया। नायडू ने यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री के साथ एक बैठक में निवेश के संभावनाओं पर चर्चा की। मर्री सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए विशाखापत्तनम आए थे।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि नायडू ने कहा कि राज्य के रायलसीमा क्षेत्र में उगाए गए फल पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किए जा रहे हैं। राज्य सरकार एक लाख करोड़ रुपये के निवेश से रायलसीमा को वैश्विक बागवानी केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने यूएई की कृषि-खाद्य कंपनी सिलाल को राज्य में प्रस्तावित खाद्य क्लस्टर में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश में कृषि और खाद्य उत्पादों की खरीद, प्रसंस्करण और निर्यात के क्षेत्र में निवेश के लिए कई संभावनाएं मौजूद हैं। बयान के अनुसार, बैठक में चित्तूर जिले में दुबई की कंपनी फ्लोरमास्टर की प्रस्तावित इकाई की स्थापना का मुद्दा भी उठाया गया। नायडू ने यूएई के मंत्री से खाद्य क्लस्टर के संबंध में जल्द निर्णय लेने में मदद करने का अनुरोध किया।
उन्होंने समुद्री क्षेत्र, वैमानिकी और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए यूएई की कंपनियों से राज्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने इन क्षेत्रों में यूएई के साथ सहयोग करने की इच्छा भी व्यक्त की। बयान के अनुसार, यूएई के मंत्री ने कहा कि उनका देश भारत के पूर्वी तट पर निवेश करने के लिए इच्छुक है और आंध्र प्रदेश यूएई के निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन सकता है।
यूएई के प्रतिनिधिमंडल ने आंध्र प्रदेश से झींगा और जलीय कृषि के अन्य उत्पादों के आयात की संभावनाओं की जानकारी भी साझा की। बताया गया है कि यूएई की 12 और कंपनियों ने राज्य में प्रस्तावित खाद्य क्लस्टर में निवेश करने में रुचि दिखाई है।