आरडी इंडस्ट्रीज का आईपीओ 5 अगस्त से शुरू, मूल्य दायरा 50-53 रुपये प्रति शेयर
आरडी इंडस्ट्रीज का आईपीओ विवरण
नई दिल्ली, 29 जुलाई: आरडी इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 426 करोड़ रुपये का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 5 अगस्त को खुलने जा रहा है। कंपनी ने बुधवार को एक सार्वजनिक घोषणा में बताया कि इसके लिए शेयरों का मूल्य दायरा 50 से 53 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे कंपनी का कुल मूल्यांकन 1,671 करोड़ रुपये होगा।
यह आईपीओ तीन दिनों के लिए उपलब्ध रहेगा और 7 अगस्त को बंद होगा। वहीं, बड़े निवेशक 4 अगस्त को अपनी बोली लगा सकेंगे। इस आईपीओ में 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक 1.99 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे। मूल्य दायरे के उच्चतम स्तर पर, निर्गम का कुल आकार लगभग 426 करोड़ रुपये होगा।
नए शेयरों के निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी की अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं के लिए 220 करोड़ रुपये, कर्ज चुकाने के लिए 22 करोड़ रुपये और शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। आरडी इंडस्ट्रीज संसाधनों के अनुकूलतम उपयोग के लिए 'सर्कुलर इकोनॉमी' क्षेत्र में कार्यरत है। यह कंपनी उन ऊर्जा भंडारण उत्पादों और गैर-लौह धातु कबाड़ का पुनर्चक्रण करती है, जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त, यह अपशिष्ट से महत्वपूर्ण संसाधनों को पुनः प्राप्त कर ऊर्जा भंडारण, ई-परिवहन, वाहन और रसायन क्षेत्र में उपयोग होने वाले शुद्ध सीसे और सीसे मिश्रधातु का निर्माण करती है। कंपनी का शेयर 12 अगस्त को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है।