उत्तर प्रदेश सरकार ने 59019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया
उत्तर प्रदेश का नया अनुपूरक बजट
लखनऊ, चार अगस्त: उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 59019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट मंगलवार को पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मानसून सत्र के दूसरे दिन शून्यकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच यह बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित अनुपूरक बजट 59019.54 करोड़ रुपये का है।
इस बजट में राजस्व लेखे का व्यय 17399.50 करोड़ रुपये और पूंजी लेखे का व्यय 41620.04 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। खन्ना ने बताया कि इसमें नई मांगों के तहत 7,854.25 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं। मुख्य रूप से भारी एवं मध्यम उद्योगों के लिए 22107.88 करोड़ रुपये, ग्राम्य विकास विभाग के लिए 17942.73 करोड़ रुपये, ऊर्जा विभाग के लिए 7422.27 करोड़ रुपये, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 2025 करोड़ रुपये, समाज कल्याण के लिए 1655 करोड़ रुपये, महिला कल्याण विभाग के लिए 1094.40 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग के लिए 700.01 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
यह अनुपूरक बजट अयोध्या मंदिर में कथित चंदा चोरी, पेपर लीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग के बीच पेश किया गया। यह वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पहला अनुपूरक बजट है। उत्तर प्रदेश का मानसून सत्र सोमवार को आरंभ हुआ था और यह छह अगस्त तक चलेगा।