उत्तरी इंग्लैंड की कंपनियों का भारत में कारोबार बढ़ाने का उत्साह
भारत में कारोबार के लिए उत्तरी इंग्लैंड की कंपनियों की बढ़ती रुचि
(अदिति खन्ना) लंदन, 25 नवंबर: उत्तरी इंग्लैंड की कंपनियों की संख्या, जो भारत में व्यापार शुरू करने की इच्छुक हैं, हाल ही में एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे के बाद 10 गुना बढ़ गई है। यह जानकारी एक नए सर्वेक्षण में सामने आई है। ब्रिटेन के प्रमुख हवाईअड्डा समूहों में से एक, मैनचेस्टर एयरपोर्ट ग्रुप (एमएजी) और नॉर्दर्न पावरहाउस पार्टनरशिप ने ‘यूके ट्रेड बैरोमीटर सर्वेक्षण’ जारी किया है।
इस सर्वेक्षण में हर तिमाही 2,000 कंपनियों के पिछले तीन महीनों के व्यापार और अगली तिमाही की संभावनाओं का आकलन किया जाता है। हालिया परिणामों के अनुसार, उत्तरी इंग्लैंड की 10 प्रतिशत निर्यातक कंपनियों को उम्मीद है कि वे 2026 की चौथी तिमाही में पहली बार भारत को अपने उत्पाद बेचेंगी। पिछले तिमाही में यह आंकड़ा एक प्रतिशत से भी कम था।
ब्रिटेन के व्यापार सचिव जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा कि भारत के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौता इस उद्देश्य से किया गया है कि ब्रिटेन की कंपनियां अपने व्यापार का विस्तार कर सकें, नए ग्राहक बना सकें और देश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा दे सकें। उनके विभाग ने पिछले महीने भारत आए व्यापार प्रतिनिधिमंडल के दौरे का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए ग्रेट नॉर्थ व्यापारिक दौरे से भारत के साथ संबंध और मजबूत हुए हैं।
अधिक कंपनियों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उत्तरी इंग्लैंड के विभिन्न क्षेत्रों के निर्वाचित मेयर के नेतृत्व में 200 से अधिक कंपनियों, विश्वविद्यालयों और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे। यह प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर की शुरुआत में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता गया था।
किम मैकगिनीज ने कहा कि जब उत्तरी इंग्लैंड के मेयर भारत के अपने पहले संयुक्त व्यापारिक दौरे का नेतृत्व करने के लिए एकत्रित हुए, तो उनका उद्देश्य स्पष्ट था। वे अपनी कंपनियों के लिए नए अवसर खोलना, निवेश आकर्षित करना और अपने समुदायों के लिए बेहतर रोजगार एवं अवसर पैदा करना चाहते थे। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नॉर्थ ईस्ट की मेयर और ‘द ग्रेट नॉर्थ’ की अध्यक्ष किम मैकगिनीज ने किया।
इसमें ग्रेटर मैनचेस्टर की मेयर बेव क्रेग, लिवरपूल सिटी रीजन के मेयर स्टीव रोदरम, वेस्ट यॉर्कशायर की मेयर ट्रेसी ब्रेबिन, साउथ यॉर्कशायर के मेयर ओलिवर कॉपर्ड, यॉर्क और नॉर्थ यॉर्कशायर के मेयर डेविड स्कैथ, हल और ईस्ट यॉर्कशायर के मेयर ल्यूक कैंपबेल तथा चेशायर और वॉरिंगटन संयुक्त प्राधिकरण की अध्यक्ष पार्षद लुईस गिटिन्स शामिल थीं। किम मैकगिनीज ने कहा कि कुछ ही सप्ताह बाद यह देखना उत्साहजनक है कि भारतीय बाजार में प्रवेश करने की महत्वाकांक्षा के मामले में उत्तरी इंग्लैंड की कंपनियां देश में सबसे आगे हैं। सर्वेक्षण के परिणामों के अनुसार, इस दौरे से रोजगार सृजन में भी वृद्धि हुई है।
दिसंबर के अंत तक की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उत्तरी इंग्लैंड की हर पांच में से एक कंपनी ने कहा कि उसे मौजूदा विदेशी बाजारों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, जबकि 14 प्रतिशत कंपनियों को नए बाजार में प्रवेश करने की आशा है। मौजूदा बाजारों में वृद्धि की उम्मीद करने वाली कंपनियों में सबसे अधिक 57 प्रतिशत ने अमेरिका और 21 प्रतिशत ने चीन का नाम लिया।