एप्पल ने भारत में मैकबुक और आईपैड की कीमतों में भारी वृद्धि की
एप्पल की नई मूल्य सूची
प्रौद्योगिकी दिग्गज एप्पल ने मेमोरी चिप की बढ़ती लागत के चलते भारत समेत वैश्विक स्तर पर अपने मैकबुक और आईपैड के सभी मॉडल की कीमतों में 20 से 42 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। एप्पल इंडिया की वेबसाइट पर जारी की गई नई मूल्य सूची के अनुसार, एम5 सीरीज चिप वाले मैकबुक प्रो की कीमत में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। 14 इंच के मैकबुक प्रो की कीमत अब 2,49,900 रुपये से बढ़कर 2,99,900 रुपये प्रति इकाई हो गई है।
इसी तरह, 13 इंच के आईपैड एयर के बेसिक मॉडल की कीमत में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसकी कीमत 84,900 रुपये से बढ़ाकर 1,19,900 रुपये प्रति इकाई कर दी गई है।
वैश्विक प्रौद्योगिकी बाजार अनुसंधान कंपनी काउंटरपॉइंट रिसर्च के सह-संस्थापक नील शाह ने बताया कि एप्पल द्वारा मैकबुक नियो, मैकबुक एयर, मैकबुक प्रो, आईपैड एयर और आईपैड प्रो वाई-फाई की कीमतों में वृद्धि उपभोक्ता और एंटरप्राइज पीसी तथा टैबलेट बाजार की लागत संरचना में आए महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाती है। मेमोरी से लेकर प्रोसेसर तक, सेमीकंडक्टर चिप की बढ़ती कीमतों का इस पर प्रभाव पड़ा है।
एप्पल ने एक बयान में कहा कि उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रहा है।
कंपनी ने कहा, 'एआई डेटा सेंटर के तेजी से विस्तार के कारण मेमोरी और स्टोरेज की मांग में असाधारण वृद्धि हुई है। हमने पहले कभी किसी घटक की कीमतों में इतनी अधिक और इतनी तेज बढ़ोतरी नहीं देखी।' बयान में आगे कहा गया, 'अब तक हमने इन बढ़ी हुई लागतों का बोझ अपने ग्राहकों पर नहीं डाला था, लेकिन अब हम ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं, जहां हमें कई उत्पादों की कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। इनमें आज आईपैड और मैकबुक की कीमतों में की गई बढ़ोतरी भी शामिल है। हमें पता है कि यह ग्राहकों के लिए अच्छी खबर नहीं है और हम इसका समाधान खोजने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।'