किआ इंडिया का आंध्र प्रदेश में नया विनिर्माण संयंत्र, 2 अरब डॉलर का निवेश
किआ इंडिया का नया संयंत्र
(परिविर्तित स्लग के साथ लीड) नयी दिल्ली, 12 नवंबर: किआ इंडिया आंध्र प्रदेश में एक नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 2 अरब डॉलर का निवेश करने जा रही है। इस कदम से दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता की वार्षिक उत्पादन क्षमता 6 लाख इकाइयों से अधिक हो जाएगी। किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ ग्वांगगु ली ने विशाखापत्तनम में आयोजित सीआईआई साझेदारी सम्मेलन में कहा, “मैं आंध्र प्रदेश में एक और विनिर्माण संयंत्र की स्थापना की घोषणा करते हुए बेहद उत्साहित हूं।”
इस परियोजना के माध्यम से लगभग 12,000 नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है, जिससे किआ इंडिया की वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़कर 6,30,000 वाहन हो जाएगी।
किआ इंडिया का पहले से ही अनंतपुर में एक विनिर्माण संयंत्र है, जिसे 2017 में स्थापित किया गया था, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 4.30 लाख इकाइयों की है। ली ने इस निवेश के लिए कोई समयसीमा या अतिरिक्त क्षमता के परिचालन की तारीख का उल्लेख नहीं किया।
वित्त वर्ष 2026 में, वाहन कंपनी ने 3.17 लाख इकाइयों का उत्पादन किया, जिसमें घरेलू बाजार में 2.89 लाख इकाइयों की थोक बिक्री और 27,953 वाहनों का निर्यात शामिल है। यह उत्पादन क्षमता में वृद्धि ऐसे समय हो रही है, जब किआ इंडिया देश के यात्री वाहन बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न पावरट्रेन वाले कई नए मॉडल पेश करने की योजना बना रही है।
कंपनी बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक, पेट्रोल और डीजल वाहनों के साथ-साथ हाइब्रिड वाहनों को भी पेश करने की योजना बना रही है। उसने पहले ही ‘कैरेंस’ के साथ सीएनजी बाजार में प्रवेश करने की घोषणा की है। ली ने कहा, “आंध्र प्रदेश में हमारी यात्रा 2017 में शुरू हुई थी, जब हमारा पहला विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया गया और इसे केवल 14 महीने में चालू किया गया।”
किआ को गर्व है कि वह भारत की प्रमुख वाहन विनिर्माता कंपनियों में से एक बन गई है और केवल चार वर्षों में 10 लाख वाहन तथा सात वर्षों में 20 लाख वाहनों का उत्पादन करने वाली सबसे तेज मूल उपकरण विनिर्माता (ओईएम) बन गई है।
उन्होंने कहा कि यह संयंत्र एक प्रमुख निर्यात केंद्र भी बन गया है, जहां से लगभग 100 देशों को 4.1 लाख से अधिक वाहन और ‘किट’ निर्यात किए गए हैं। इससे भारत की वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थिति मजबूत हुई है और दुनिया के लिए भारत में विनिर्माण करने के दृष्टिकोण को समर्थन मिला है।