×

गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों का स्वर्ण आभूषण पर कर्ज में भारी वृद्धि

गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) द्वारा स्वर्ण आभूषण पर दिया गया कर्ज जून में 69 प्रतिशत बढ़कर 3.42 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह वृद्धि खुदरा ऋण के कारण हुई है, जिसमें आवास और वाहन ऋण शामिल हैं। हालांकि, औद्योगिक क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण में कमी आई है। जानें इस वृद्धि के पीछे के कारण और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़े।
 

गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों का कर्ज

मुंबई, 7 अगस्त: गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) द्वारा स्वर्ण आभूषण पर दिया गया कर्ज जून में 69 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.42 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 2.02 लाख करोड़ रुपये था, जो सभी प्रमुख खंडों में सबसे तेज वृद्धि दर्शाता है। यह जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों से प्राप्त हुई है।


जून 2024 में यह आंकड़ा 1.44 लाख करोड़ रुपये था। एनबीएफसी की कुल कर्ज वृद्धि में खुदरा ऋण एक महत्वपूर्ण चालक बना रहा। जून 2026 में खुदरा ऋण में सालाना आधार पर 20.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी समय यह वृद्धि 14.3 प्रतिशत थी।


खुदरा कर्ज श्रेणी में आवास ऋण, वाहन ऋण और सोने के आभूषण गिरवी रखकर दिए जाने वाले ऋण में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जिससे उपभोक्ता ऋण की गति बनी रही। इसके अलावा, कृषि और संबंधित गतिविधियों के लिए दिए गए ऋण में जून 2026 में सालाना आधार पर 17.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 5.1 प्रतिशत थी। हालांकि, औद्योगिक क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण की वृद्धि में कमी आई।


जून 2026 में औद्योगिक ऋण में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष यह 10.3 प्रतिशत थी। इसका मुख्य कारण बुनियादी ढांचा क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण में सुस्ती रही, जो औद्योगिक ऋण का सबसे बड़ा हिस्सा है। इसी तरह, सेवा क्षेत्र को एनबीएफसी द्वारा दिए जाने वाले ऋण की वृद्धि घटकर 17.6 प्रतिशत रह गई, जो जून 2025 में 22.4 प्रतिशत थी।


विशेष रूप से व्यापार और परिवहन क्षेत्र के परिचालकों को दिए जाने वाले ऋण में धीमी वृद्धि के कारण सेवा क्षेत्र के कर्ज में वृद्धि कम रही। हालांकि, वाणिज्यिक रियल एस्टेट क्षेत्र में ऋण वृद्धि मजबूत बनी रही।