जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत, पर्यटन में बढ़ोतरी
जम्मू-कश्मीर में आर्थिक सुधार की उम्मीदें
(एम. आई. जहांगीर) श्रीनगर, 30 जुलाई - जम्मू-कश्मीर बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताव चटर्जी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में शांति का माहौल बन रहा है, जिससे केंद्र शासित प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है। चटर्जी ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ इस बात का संकेत है कि अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है, जो बैंक के हाल ही में घोषित पहली तिमाही के परिणामों में भी स्पष्ट है। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि पर्यटक वापस लौट रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल की पहली तिमाही में बैंक के खुदरा कारोबार में लगभग 700 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई थी, जो इस साल बढ़कर 1,400 करोड़ रुपये हो गई है, यानी यह दोगुना हो गया है। चटर्जी ने कहा, "जम्मू-कश्मीर बैंक के आंकड़े प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत हैं। मुझे विश्वास है कि अर्थव्यवस्था फिर से सही दिशा में बढ़ रही है।"
सीईओ ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़े प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय को देखा जब पहलगाम में हमला हुआ था। उन्होंने कहा, "उसके बाद तीन-चार महीने तक जब मैं घर से कार्यालय जाता था, तो सभी टैक्सी स्टैंड पूरी तरह से खाली रहते थे।"
चटर्जी ने एक हालिया अनुभव साझा करते हुए कहा, "कुछ सप्ताह पहले रात करीब साढ़े 10 बजे मैं डल झील के किनारे से गुजर रहा था और जाम में फंस गया। आमतौर पर लोग जाम में फंसकर परेशान हो जाते हैं, लेकिन मैं बहुत खुश था। मुझे यह देखकर खुशी हुई कि पर्यटक वास्तव में जम्मू-कश्मीर लौट आए हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था अभी अपने चरम पर नहीं पहुंची है, क्योंकि बागवानी फसलों की कटाई अभी बाकी है। चटर्जी ने कहा, "वास्तविक स्थिति तब सामने आएगी जब बागवानी उत्पाद बाजार में आएंगे और सेब किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा।"
पर्यटन के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा, "अर्थव्यवस्था में अभी बहुत कुछ किया जा सकता है, लेकिन मुझे खुशी है कि इसकी स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में कहीं बेहतर है।"
जब उनसे जम्मू-कश्मीर में बैंक द्वारा शुरू किए गए कृषि क्षेत्र के विशेष ऋण उत्पादों के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि इनकी मांग तीन गुना बढ़ गई है। चटर्जी ने कहा, "पिछले साल शुरू किए गए कृषि मियादी ऋण उत्पाद की मांग काफी अच्छी रही है।"
उन्होंने बताया कि पहले कृषि क्षेत्र में सालाना 700 से 1,000 करोड़ रुपये की वृद्धि होती थी, लेकिन इस बार इसमें 3,000 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, यानी यह तीन गुना हो गया है। इस साल भी यही रुझान जारी है। सीईओ ने कहा कि लोग तभी कर्ज लेते हैं जब वे धन अर्जित कर रहे हों।