टाटा पावर और इंडियन ऑयल का नया ईवी चार्जिंग नेटवर्क
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ईवी चार्जिंग का विस्तार
टाटा पावर की सहायक कंपनी, टाटा पावर ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस, ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विकास किया है।
कंपनी ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि इस साझेदारी के तहत, टाटा पावर ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (टीपीईवीसीएसएल) ने एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड में 63वें और 69वें माइलस्टोन पर अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की है।
दिल्ली से यात्रा करने वाले वाहनों के लिए, 63वें माइलस्टोन पर चार चार्जिंग गन के साथ 240 किलोवाट का एक अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है।
इसके अलावा, 69वें माइलस्टोन पर एक और चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की गई है, जिससे दोनों दिशाओं में यात्रा करने वाले यात्रियों को चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। ये चार्जिंग स्टेशन व्यक्तिगत और वाणिज्यिक दोनों प्रकार के ईवी उपयोगकर्ताओं की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। टाटा पावर ने अपने ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार 'ईजेड चार्ज' ब्रांड नाम के तहत किया है।