×

दिल्ली का नया बजट: विकास और हरित भविष्य की ओर कदम

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 'खीर सेरेमनी' के साथ आरंभ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली' का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि यह बजट राजधानी के 3 करोड़ निवासियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनता के आशीर्वाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार 24×7 सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
 

दिल्ली का बजट सत्र: विकास की नई दिशा

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को 'खीर सेरेमनी' के साथ आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने 'विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली' के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह बजट राजधानी के लगभग 3 करोड़ निवासियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि 'खीर सेरेमनी' न केवल बजट प्रक्रिया की पारंपरिक शुरुआत है, बल्कि यह समृद्धि और जनकल्याण के प्रतीक के रूप में भी कार्य करती है, जो आगामी बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।


इस समारोह में मुख्यमंत्री के साथ किसान, छात्र, शिक्षक, डॉक्टर, किन्नर समुदाय के सदस्य, महिला ड्राइवर और मीडियाकर्मी शामिल हुए। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री आशीष सूद, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, श्री कपिल मिश्रा सहित कई विधायक और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट दिल्ली के विकास की गति को और तेज करेगा। यह न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को भी ऊंचा उठाने में सहायक होगा। यह बजट एक ऐसे दिल्ली के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जहां नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, उत्कृष्ट शिक्षा, मजबूत आधारभूत संरचना और स्वच्छ एवं हरित वातावरण में जीवन यापन कर सकें। छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और हरित परिवेश को इस बजट में प्राथमिकता दी जा रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 'विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली' केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह सरकार का स्पष्ट विजन है, जिसके माध्यम से एक सकारात्मक, सुरक्षित और समृद्ध वातावरण तैयार किया जाएगा। पिछले वर्ष सरकार ने दिल्ली की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं और अब इस बजट के माध्यम से राजधानी की दशा को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।


उन्होंने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद और विश्वास से ही सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सरकार 24×7 जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और हर दिन दिल्ली को और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहेगी।