नेटफ्लिक्स के सह-संस्थापक रीड हेस्टिंग्स का कार्यकाल समाप्त, नई दिशा में बढ़ेंगे
रीड हेस्टिंग्स का नेटफ्लिक्स से विदाई
नेटफ्लिक्स के सह-संस्थापक और चेयरमैन रीड हेस्टिंग्स इस वर्ष जून में अपने कार्यकाल के अंत पर कंपनी के निदेशक मंडल से अलग हो जाएंगे। यह जानकारी कंपनी ने बृहस्पतिवार को साझा की।
कंपनी ने बताया कि हेस्टिंग्स अब परोपकार और अन्य गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहे हैं।
हेस्टिंग्स ने 1990 के दशक के अंत में अपने मित्र और सह-संस्थापक मार्क रैंडोल्फ से यह जिम्मेदारी संभाली थी और 2023 तक 20 वर्षों से अधिक समय तक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्य किया।
एक बयान में हेस्टिंग्स ने कहा, 'नेटफ्लिक्स में मेरा योगदान केवल किसी एक निर्णय तक सीमित नहीं था। मैंने हमेशा ग्राहकों की संतुष्टि को प्राथमिकता दी, एक सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया और एक ऐसी कंपनी बनाने का प्रयास किया जो लोगों को पसंद आए और लंबे समय तक सफल रहे।'
कंपनी ने अपने तिमाही परिणामों की घोषणा के साथ ही हेस्टिंग्स के पद छोड़ने की जानकारी दी।