पाकिस्तान का व्यापार घाटा बढ़कर 15 अरब डॉलर तक पहुंचा
पाकिस्तान के व्यापार घाटे में वृद्धि
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 7 नवंबर: पाकिस्तान का व्यापार घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में 16 प्रतिशत बढ़कर लगभग 15 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। एक समाचार रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में निर्यात में लगातार कमी के बीच आयात 26 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। समाचार पत्र द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने शुक्रवार को पाकिस्तान सांख्यिकी ब्यूरो (पीबीएस) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जुलाई से अक्टूबर के बीच आयात और निर्यात के बीच का अंतर बढ़कर 14.6 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पहले चार महीनों में आयात 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर या 12.5 प्रतिशत बढ़कर 26 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए ऊर्जा आयात बिल में वृद्धि के कारण आयात का अनुमान 71 अरब अमेरिकी डॉलर तक लगाया है। पीबीएस ने बताया कि जुलाई से अक्टूबर के दौरान कुल निर्यात 11.4 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक है।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए अधिकांश बड़े निर्यातकों को सस्ते ऋण उपलब्ध कराने के लिए बजट में 88 अरब पाकिस्तानी रुपये की सब्सिडी का प्रावधान किया है। निर्यात हर महीने 2.5 अरब से 3 अरब अमेरिकी डॉलर के बीच बना हुआ है, और एक डॉलर के मुकाबले 100 पाकिस्तानी रुपये का अवमूल्यन भी इसे कोई विशेष प्रोत्साहन नहीं दे सका। केंद्रीय बैंक के अनुसार, शुक्रवार को एक डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपया एक पैसे की वृद्धि के साथ 276.66 पाकिस्तानी रुपये पर पहुंच गया।