बैंक ऑफ बड़ौदा के ई-मेल अकाउंट में छेड़छाड़, डेटा की अनधिकृत पहुंच का मामला
बैंक ऑफ बड़ौदा में डेटा सुरक्षा का मामला
मुंबई, 27 जुलाई: सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने सोमवार को जानकारी दी कि उसके एक कर्मचारी के ई-मेल अकाउंट में छेड़छाड़ के कारण कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच का मामला सामने आया है। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मुख्य बैंकिंग प्रणाली (सीबीएस) पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें कोई सेंध नहीं लगी है। बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'यह घटना एक कर्मचारी के ई-मेल अकाउंट से जुड़ी है, जिसके कारण कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच हुई।'
बीओबी ने बताया कि इस घटना की पहचान समय पर कर ली गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए गए। हालांकि, बैंक ने यह नहीं बताया कि ई-मेल अकाउंट में छेड़छाड़ कब हुई या संबंधित कर्मचारी किस पद पर कार्यरत था। यह बयान उस समय आया है जब मीडिया और सोशल मीडिया पर यह चर्चा चल रही थी कि एक टीबी से अधिक डेटा, जिसमें ग्राहकों के आधार से जुड़े विवरण भी शामिल हैं, को अनधिकृत रूप से डार्क वेब पर साझा किया गया है। बैंक ने कहा कि उसके पास मजबूत सूचना सुरक्षा उपाय हैं और मामले की गहन फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही, बैंक संबंधित प्राधिकरणों के साथ मिलकर काम कर रहा है।