भारत में निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना
भारत में निर्माण उपकरणों के लिए नई पहल
नई दिल्ली, 25 नवंबर: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को देश में निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक लागू रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग विश्व में तीसरे स्थान पर है।
वित्त वर्ष 2024-25 में इस क्षेत्र का बाजार आकार 97,000 करोड़ रुपये था, लेकिन लगभग 45 प्रतिशत आवश्यकताओं को आयात के माध्यम से पूरा किया जाता है। वैष्णव ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अत्याधुनिक निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों का घरेलू उत्पादन बढ़ाना और वैश्विक बाजार में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को सुनिश्चित करना है। इस योजना के अंतर्गत उपकरणों की सात श्रेणियां शामिल हैं, जिनका मुख्य रूप से आयात किया जाता है।
इन श्रेणियों में सुरंग खोदने वाली मशीनें, ऑफ-हाईवे ट्रक, खुदाई करने वाली मशीनें (एक्सकेवेटर), क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं।