भारत में पहुंचा यूएई से आया क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी'
क्रूड ऑयल टैंकर का भारत आगमन
भारतीय झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर 'जग लाडकी' बुधवार को भारत के अदाणी ग्रुप के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचा।
इस टैंकर में लगभग 80,886 मीट्रिक टन कच्चा तेल है, जिसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह बंदरगाह से लोड किया गया था। टैंकर की लंबाई 274.19 मीटर और चौड़ाई 50.04 मीटर है, जबकि इसका डेडवेट टन भार लगभग 164,716 टन है।
फुजैराह बंदरगाह मध्य पूर्व के उन कुछ बंदरगाहों में से एक है, जो होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर स्थित है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण इस जलडमरूमध्य में कच्चे तेल का 20 प्रतिशत आवागमन प्रभावित हो रहा है।
मुंद्रा पोर्ट में इस टैंकर का आगमन कच्चे तेल के भारी आयात को संभालने में अदाणी पोर्ट्स की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
यह डिलीवरी एक प्रमुख रिफाइनरी के लिए महत्वपूर्ण है, जो भारत की ऊर्जा सुरक्षा को बनाए रखने के लिए ऐसे शिपमेंट पर निर्भर करती है।
अदाणी पोर्ट्स ने टैंकर 'जग लाडकी' को सुरक्षित रूप से लंगर डालने में मदद की और भारत की ऊर्जा लाइनों की सुरक्षा में समुद्री समन्वय प्रदान किया।
केंद्र सरकार ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच देश की निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
इससे पहले, शिवालिक और नंदा देवी नामक दो एलपीजी लदे जहाज भी भारत पहुंचे थे। शिवालिक ने सोमवार को मुंद्रा पोर्ट पर डॉक किया, जबकि नंदा देवी ने वडीनार पोर्ट पर लंगर डाला।
इन दोनों जहाजों में कुल 92,700 टन के करीब एलपीजी था, जिसमें शिवालिक में 46,000 टन और नंदा देवी में 47,000 टन से अधिक एलपीजी शामिल थी.