भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी, सेंसेक्स में उछाल
बुधवार को शेयर बाजार में तेजी
बुधवार को शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 213.45 अंक उछला
भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है। पिछले एक महीने से अमेरिकी टैरिफ के दबाव के कारण बाजार कमजोर चल रहा था। लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी द्वारा जीएसटी के संबंध में किए गए ऐलान और अमेरिका पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी ने निवेशकों का विश्वास फिर से जगाया। सोमवार से शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला शुरू हुआ है, जो अब तीन दिन से जारी है।
बुधवार का बाजार प्रदर्शन
बुधवार को आईटी शेयरों में भारी खरीदारी के चलते भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 213.45 अंक या 0.26 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 81,857.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 341.23 अंक या 0.41 प्रतिशत बढ़कर 81,985.62 अंक तक पहुंच गया। इसी तरह, एनएसई निफ्टी 69.90 अंक या 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,050.55 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस ने 3.88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में 2.69 प्रतिशत की बढ़त हुई। हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, इटरनल और एचसीएल टेक के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स और ट्रेंट में गिरावट आई।
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। सोना एक बार फिर अपने ऑलटाइम हाई से नीचे लुढ़क रहा है, जबकि चांदी में भी गिरावट देखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग और दाम में तेजी के बावजूद, भारतीय बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी के दाम में गिरावट आई।
बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 400 रुपए घटकर 1,00,020 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सरार्फा संघ ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा, चांदी की कीमत 1,500 रुपए गिरकर 1,12,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। मंगलवार को यह 1,14,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।