भारतीय शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 500 अंक चढ़ा
शेयर बाजार में उछाल
बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में खरीदारी के चलते बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला, जिससे बीएसई का सेंसेक्स 500 अंक तक उछल गया।
सेंसेक्स ने पिछले कारोबारी दिन की तुलना में 137.82 अंक की बढ़त के साथ 77,192.76 अंक पर शुरुआत की। समाचार लिखे जाने तक यह 490.98 अंक (0.64 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 77,545.92 अंक पर था। एक समय यह 587 अंक की बढ़त तक पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 33.80 अंक की बढ़त के साथ 24,085.85 अंक पर खुला। समाचार लिखते समय यह 137.40 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,189.45 अंक पर बना हुआ था।
बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियल एस्टेट, तेल एवं गैस, रसायन और सीमेंट क्षेत्रों में खरीदारी का जोर है, जबकि आईटी, एफएमसीजी और धातु क्षेत्रों के सूचकांक में गिरावट बनी हुई है।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस और इंडिगो के शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी ऊपर की ओर बढ़ रहे हैं।
हालांकि, टीसीएस, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और टेक महिंद्रा के शेयरों में गिरावट जारी है।