मुंबई मेट्रो लाइन 12ए को मिली मंजूरी, यात्रा समय में होगी कमी
मुंबई मेट्रो लाइन 12ए का विकास
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बुनियादी ढांचा समिति ने मंगलवार को 18.40 किलोमीटर लंबी मुंबई मेट्रो लाइन 12ए को स्वीकृति प्रदान की। इस परियोजना से ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली और नवी मुंबई के बीच यात्रा में सुधार की उम्मीद है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समिति की बैठक में निर्देश दिया कि इस परियोजना को तीन साल और छह महीने के भीतर पूरा किया जाए।
फडणवीस इस समिति के अध्यक्ष हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस एलिवेटेड गलियारे की अनुमानित लागत 13,856.37 करोड़ रुपये है, जो कल्याण फाटा से मनपाड़ा-कटाई नाका को नवी मुंबई के औद्योगिक क्षेत्र तलोजा से जोड़ेगा। इसमें 12 एलिवेटेड स्टेशन और एक एकीकृत फ्लाईओवर शामिल होगा।
इस मेट्रो गलियारे के माध्यम से कल्याण-डोंबिवली और नवी मुंबई के बीच संपर्क में सुधार होगा, जिससे औद्योगिक और लॉजिस्टिक केंद्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के आयुक्त संजय मुखर्जी ने बताया कि परियोजना के पूरा होने पर सड़क यात्रा के समय में 40 से 50 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। इसमें 6.93 किलोमीटर लंबा चार लेन का एकीकृत फ्लाईओवर और 8.69 किलोमीटर लंबा छह लेन का फ्लाईओवर शामिल है।
इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 4.74 लाख यात्रियों के यात्रा करने का अनुमान है। कटाई नाका पर मेट्रो लाइन 12 और बुलेट ट्रेन संपर्क मार्ग के साथ, कटाई नाका और कल्याण फाटा के बीच मेट्रो लाइन 14 के साथ तथा अमांडूत में नवी मुंबई मेट्रो लाइन एक के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी प्रस्तावित है। सभी स्टेशनों पर फीडर बस सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।