मैग्नम आइस क्रीम ने केडब्ल्यूआईएल में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया
मैग्नम आइस क्रीम का अधिग्रहण
मैग्नम आइस क्रीम नीदरलैंड्स ने क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) लिमिटेड (केडब्ल्यूआईएल) में 61.9 प्रतिशत बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस प्रक्रिया के बाद कंपनी में प्रवर्तक वर्गीकरण में परिवर्तन हुआ है।
केडब्ल्यूआईएल ने शेयर बाजार को सूचित किया कि नए प्रवर्तक ने 30 मार्च 2026 को पूर्व प्रवर्तकों से शेयर खरीद समझौते (एसपीए) के तहत निर्धारित शेयरों का अधिग्रहण किया है।
कंपनी ने बताया कि इस लेन-देन के बाद नए प्रवर्तक ने कंपनी पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया है और उन्हें सूचीबद्धता नियमों के अनुसार 'प्रवर्तक' के रूप में वर्गीकृत किया गया है। वहीं, पूर्व प्रवर्तकों को 'प्रवर्तक' श्रेणी से हटाकर 'सार्वजनिक' श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत किया गया है। यह अधिग्रहण 25 जून 2025 को किए गए शेयर खरीद समझौते के तहत हुआ, जिसमें द मैग्नम आइस क्रीम कंपनी नीदरलैंड्स बीवी और यूनिलीवर पीएलसी जैसे अन्य पक्ष शामिल थे।
इस समझौते के तहत नए प्रवर्तक (मैग्नम) ने यूनिलीवर से केडब्ल्यूआईएल के कुल 145.44 करोड़ शेयर खरीदने पर सहमति जताई थी, जो कंपनी की कुल शेयर पूंजी का 61.9 प्रतिशत है। इसके साथ ही, केडब्ल्यूआईएल ने शीर्ष स्तर पर कुछ बदलावों की घोषणा की है। कंपनी ने अभिजीत भट्टाचार्य को अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी एवं गैर-स्वतंत्र) और निदेशक मंडल के चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है। वहीं, ऋतेश तिवारी ने कंपनी के अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी एवं गैर-स्वतंत्र) पद से इस्तीफा दे दिया है।