×

यूएसएल को एफएसएसएआई का आदेश वापस लेने से मिली राहत

यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) को खाद्य नियामक एफएसएसएआई से बड़ी राहत मिली है, जिसने बारामती स्थित संयंत्र के एक उत्पाद की बिक्री से संबंधित आदेश वापस ले लिया है। कंपनी ने इस आदेश को बंबई उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। एफएसएसएआई ने पहले यूएसएल और अन्य कंपनियों को ऐसे फ्लेवर मिलाने के लिए नोटिस जारी किया था जो प्राकृतिक स्वाद के समान प्रभाव उत्पन्न करते हैं। जानें इस मामले में और क्या हुआ।
 

यूएसएल को मिली राहत

प्रमुख शराब निर्माता यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ने बुधवार को जानकारी दी कि खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने महाराष्ट्र के बारामती में स्थित उसके संयंत्र से जुड़े एक उत्पाद की बिक्री पर लगाया गया आदेश वापस ले लिया है। कंपनी ने शेयर बाजार को सूचित किया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने 17 अगस्त को 29 जून, 2026 के आदेश को रद्द कर दिया, जो बारामती संयंत्र में निर्मित उत्पाद की बिक्री से संबंधित था। यह आदेश कंपनी को 18 अगस्त को दोपहर लगभग 12:40 बजे प्राप्त हुआ।


यूएसएल ने जून के अंत में एफएसएसएआई के आदेश को बंबई उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी और एक अगस्त को इस मामले में याचिका दायर की थी। एफएसएसएआई ने 29 जून को यूएसएल, एसोसिएटेड अल्कोहल्स एंड ब्रेवरीज लिमिटेड और इनब्रू बेवरेजेज की विभिन्न इकाइयों को ऐसे फ्लेवर मिलाने के लिए नोटिस जारी किया था, जो संबंधित उत्पाद के प्राकृतिक स्वाद के समान प्रभाव उत्पन्न करते हैं।


बाद में एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया कि स्वाद देने वाले पदार्थों के उपयोग पर कोई रोक नहीं है, लेकिन मानकीकृत पेय के प्राकृतिक स्वाद के समान प्रभाव देने वाले फ्लेवर के मिश्रण पर उसकी आपत्ति है। इसमें रम में रम फ्लेवर या व्हिस्की में व्हिस्की फ्लेवर का उपयोग शामिल है। यूएसएल अपने बारामती संयंत्र में मैकडॉवेल्स नंबर-1 सेलिब्रेशन मैच्योर ट्रिपल एक्स रम का उत्पादन करती है।