लखीमपुर खीरी में 80 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने 400 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार तस्करों को पकड़ा है। इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की है।
पुलिस ने एक मुखबिर की सूचना पर लीला रोड के मेला घाट मोड़ के पास घेराबंदी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में पलिया के सनी कुमार गुप्ता, पीलीभीत के पप्पू सिंह, उत्तराखंड के तरसेम सिंह और खीरी के परमजीत सिंह शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से 400 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और नकद राशि भी बरामद की है।
इस बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है।