सत्य नडेला ने सिएटल में भारतीय प्रौद्योगिकी समुदाय की सराहना की
सिएटल में भारतीय प्रौद्योगिकी समुदाय की प्रशंसा
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला ने सिएटल के उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्र और भारत के साथ उसके गहरे होते संबंधों की सराहना की। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग, और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय मूल के सीईओ को संबोधित करते हुए यह बात कही। नडेला सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे।
यह कार्यक्रम, जिसका शीर्षक था ‘आइडियाज4इंडिया : इंडियन अमेरिकन टेक सीईओ फोरम : अनलॉकिंग द टेक डिविडेंड’, बृहस्पतिवार को महावाणिज्य दूतावास परिसर में आयोजित किया गया। यह आयोजन फरवरी में नई दिल्ली में हुए ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के बाद हुआ। महावाणिज्य दूतावास की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नडेला ने कहा कि उन्हें सिएटल के प्रौद्योगिकी समुदाय की प्रगति पर गर्व है और यह देखकर खुशी हुई कि यह समुदाय भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है।
नडेला ने एआई को एक सामान्य उपयोग की तकनीक बताया, जिसके लाभ इस बात पर निर्भर करते हैं कि इसे विभिन्न देशों, समुदायों और क्षेत्रों में कितनी व्यापकता से अपनाया जाता है। कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने भारतीय मूल के सीईओ और अन्य प्रतिभागियों की भारत-अमेरिका प्रौद्योगिकी साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा का स्वागत किया।
क्वात्रा ने यह भी कहा कि भारत सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसका एआई मिशन समावेशिता, खुलेपन, संप्रभुता, समान पहुंच, सुरक्षा और भरोसे के सिद्धांतों पर आधारित हो। इस विशेष कार्यक्रम में कई प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों के भारतीय मूल के सीईओ शामिल हुए।
इनमें से कई सीईओ एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, क्लाउड बुनियादी ढांचे, एयरोस्पेस और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर जैसे अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखते हैं। कार्यक्रम में 40 से अधिक भारतीय मूल के सीईओ और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारियों (सीटीओ) ने भाग लिया, जिनमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, बोइंग, ओपनएआई, एंथ्रोपिक, इंटेल, वीम सॉफ्टवेयर, हेलियन, रिदम्स एआई, जेनोटी, एनिक्का डेटा, सीकआउट, स्टेनली और प्रशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की अन्य प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों के अधिकारी शामिल थे। यूएसबी-सी ड्राइव के अन्वेषक और इंटेल के पूर्व अधिकारी अजय भट्ट ने भी इस चर्चा में भाग लिया।