सरकार ने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए प्रोत्साहन योजना में बदलाव किया
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए नई प्रोत्साहन योजना
सरकार ने पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट (पीएम ई-ड्राईव) योजना की अवधि को 31 मार्च, 2028 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। हालांकि, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए मिलने वाले प्रोत्साहन को 5,000 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा से घटाकर 2,500 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा कर दिया गया है।
भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पंजीकृत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन 1 अप्रैल, 2025 से 31 मार्च, 2028 के बीच 2,500 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा की दर से प्रोत्साहन प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी अधिकतम सीमा 5,000 रुपये प्रति वाहन होगी।
इसके विपरीत, वित्त वर्ष 2024-25 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को 5,000 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा की दर से अधिकतम 10,000 रुपये प्रति वाहन तक का प्रोत्साहन मिल सकता था।
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की अधिकतम फैक्टरी कीमत 1.5 लाख रुपये निर्धारित की गई है, और इसके लिए भारी उद्योग मंत्रालय ने 2,767 करोड़ रुपये की बजटीय सहायता का प्रावधान किया है।
अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रति किलोवाट-घंटा प्रोत्साहन की यह राशि वाहन की लागत में कमी के आधार पर समीक्षा के अधीन होगी और इसे समय-समय पर अपडेट किया जाएगा। यह प्रोत्साहन ऊपर दी गई सीमा या इलेक्ट्रिक दोपहिया/तिपहिया वाहन की फैक्टरी कीमत का 15 प्रतिशत, जो भी कम हो, तक सीमित रहेगा।
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने, चार्जिंग अवसंरचना स्थापित करने और ईवी विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए 11,900 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली पीएम ई-ड्राइव योजना 1 अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2028 तक लागू की जाएगी।