सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट, जानें ताजा रेट्स
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
मुंबई - शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। दोनों कीमती धातुओं के दाम लगभग आधा प्रतिशत तक घट गए।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने की कीमत पिछले सत्र के बंद भाव 1,51,761 रुपए की तुलना में 1,51,167 रुपए पर खुली। सुबह 9:40 बजे, सोने का 05 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.47 प्रतिशत या 718 रुपए की कमी के साथ 1,51,043 रुपए पर था। इस दौरान सोने ने 1,51,039 रुपए का न्यूनतम और 1,51,457 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी की कीमत भी पिछले सत्र के बंद 2,41,513 रुपए की तुलना में 2,39,200 रुपए पर खुली। चांदी का 5 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 0.35 प्रतिशत या 842 रुपए की गिरावट के साथ 2,40,671 रुपए पर था। चांदी ने अब तक के कारोबार में 2,39,200 रुपए का न्यूनतम और 2,41,382 रुपए का उच्चतम स्तर बनाया है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की बिकवाली जारी है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,684 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.92 प्रतिशत की कमी के साथ 74.81 डॉलर प्रति औंस पर थी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी एनालिस्ट मानव मोदी ने बताया कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, यील्ड में वृद्धि और मध्य पूर्व में तनाव के कारण सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने से महंगाई का खतरा बढ़ गया है, जिससे सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा, अमेरिका के बेहतर प्रारंभिक पीएमआई डेटा ने आर्थिक मजबूती को दर्शाते हुए ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कम किया है, जिससे सोने पर और दबाव बढ़ा है।