सोने और चांदी में मिश्रित रुख, चांदी में गिरावट
सोने और चांदी का बाजार
मुंबई : सोमवार को सोने और चांदी के बाजार में मिश्रित रुख देखने को मिला। सोने की कीमतें लगभग स्थिर रहीं, जबकि चांदी में लगभग आधा प्रतिशत की गिरावट आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 1,47,378 रुपए प्रति 10 ग्राम की तुलना में 1,47,135 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 9:52 बजे यह 101 रुपए या 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 1,47,277 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
अब तक के कारोबार में सोने ने 1,47,135 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,47,509 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ। यह दर्शाता है कि कीमती धातु सीमित दायरे में कारोबार कर रही है।
चांदी का 4 सितंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 2,37,410 रुपए प्रति किलो की तुलना में 1,017 रुपए या 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,36,393 रुपए प्रति किलो पर खुला। वर्तमान में यह 1,267 रुपए या 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,36,143 रुपए प्रति किलो पर है।
चांदी ने अब तक के कारोबार में 2,36,001 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,37,676 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ है।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 1.15 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,173.24 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 2.02 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 62.29 डॉलर प्रति औंस पर है।
इसके अलावा, हाल ही में वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 की दूसरी छमाही में सोने की कीमतें सीमित दायरे में रह सकती हैं, लेकिन भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक जोखिम जैसे कारक बने रहने पर कीमतों में वृद्धि की संभावना अधिक है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि सोने की कीमतें 2026 की जुलाई-दिसंबर अवधि में 4,100 डॉलर प्रति औंस (+-5) के आसपास रह सकती हैं।
पिछले एक वर्ष में सोने और चांदी में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। इस दौरान सोने ने (डॉलर में) लगभग 24 प्रतिशत और चांदी ने लगभग 67 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।