हरियाणा को गुजरात दौरे से मिले 12,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
गुजरात दौरे से हरियाणा को मिले निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने गुजरात यात्रा के पहले दिन लगभग 12,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए। इनमें रक्षा वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, औद्योगिक मशीनरी, सौर ऊर्जा, सौंदर्य प्रसाधन और कचरे से ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। हरियाणा सरकार ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि सैनी के साथ गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न कंपनियों के संस्थापकों, प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठकें कीं।
इन चर्चाओं में मौजूदा व्यवसायों का विस्तार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और निवेश के नए अवसरों पर विचार किया गया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित थे। बयान में कहा गया है कि हरियाणा प्रतिनिधिमंडल द्वारा किए गए समझौतों में रक्षा वस्त्र क्षेत्र में 5,000 करोड़ रुपये, तकनीकी वस्त्र में 2,000 करोड़ रुपये और औद्योगिक मशीनरी में 500 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश शामिल है।
सौर ऊर्जा और सौंदर्य प्रसाधन निर्माण क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये तथा कचरे से ऊर्जा उत्पादन के लिए 4,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए भी समझौते किए गए। मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्यमियों को हरसंभव सहायता देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि निवेश को आकर्षित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सैनी ने बताया कि राज्य में कारोबारी सुगमता में सुधार और निवेश के अनुकूल माहौल बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार नीतिगत समर्थन, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, बेहतर संपर्क और एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से उद्योगों की स्थापना और विस्तार में सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने, समय पर मंजूरी देने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने गुजरात के उद्योगपतियों और निवेशकों को अप्रैल 2027 में हरियाणा में होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल समिट’ में भाग लेने का निमंत्रण दिया।
गुजरात दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सूरत में आयोजित प्रवासी मिलन समारोह में हरियाणा के प्रवासी उद्यमियों और गुजरात के औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। सैनी ने कहा कि वाहन कलपुर्जों, मशीनरी, वस्त्र, रसायन, दवा, इलेक्ट्रॉनिक्स और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में दोनों राज्यों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।