उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू
नीट यूजी-2026 के लिए काउंसिलिंग कार्यक्रम की घोषणा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए पहले चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी किया गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGME) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण और दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे।
जारी की गई समय-सारणी के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया 7 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे से शुरू होकर 12 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। पंजीकरण शुल्क और सुरक्षा राशि जमा करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 को शाम 5:00 बजे निर्धारित की गई है।
डीजीएमई ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल, डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की राज्य कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित पहले चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग से संबंधित है। अभ्यर्थियों को सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होंगी।
विभाग ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे काउंसिलिंग से जुड़ी सभी नवीनतम सूचनाओं, दिशा-निर्देशों और आगामी कार्यक्रमों के लिए UPNEET और DGME की आधिकारिक वेबसाइटों का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। सहायता के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699 और 8189011700 भी जारी किए हैं।