बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम आज होगा घोषित
बिहार बोर्ड का रिजल्ट जारी होने की तैयारी
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति आज 2026 की मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का परिणाम जारी करने जा रही है। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परिणाम दोपहर 1:15 बजे घोषित किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही 15 लाख से अधिक छात्रों का लंबा इंतजार समाप्त हो जाएगा। इस वर्ष बिहार बोर्ड की 10वीं परीक्षा में कुल 15,12,687 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परिणाम जारी होने के बाद छात्र आसानी से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी के बीच किया गया था। यह परीक्षा राज्यभर में 1,699 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली थी।
पिछले वर्ष 2025 में साक्षी कुमारी, अंशु कुमारी और रंजन वर्मा ने संयुक्त रूप से टॉप किया था, जिन्होंने 489 अंक यानी 97.80 प्रतिशत प्राप्त किए थे। पिछले कुछ वर्षों में रिजल्ट मार्च के अंत में जारी होता रहा है, जिससे इस बार भी समय पर परिणाम घोषित किया जा रहा है।
रिजल्ट कैसे चेक करें?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट results.biharboardonline.com पर जाकर “BSEB Matric Result 2026” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज कर सबमिट करें। स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड करके प्रिंट भी लिया जा सकता है।