☰
×

सीबीएसई ने कक्षा 9 और 10 के पाठ्यक्रम में किए महत्वपूर्ण बदलाव

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 9 और 10 के पाठ्यक्रम में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए पाठ्यक्रम में 'इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी', 'क्रिटिकल थिंकिंग' और 'एनवायरनमेंटल एजुकेशन' जैसे विषयों को हटाया गया है। इसके बजाय, छात्रों को कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए 22 कौशल विषयों में से एक का चयन करना होगा। जानें इस नए पाठ्यक्रम में और क्या शामिल है और छात्रों के लिए क्या नई चुनौतियाँ होंगी।
 

सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम में बदलाव

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 9 के शैक्षणिक सत्र 2026-27 और कक्षा 10 के लिए 2027-28 में पाठ्यक्रम और मूल्यांकन प्रणाली में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं। इस बैच के छात्रों के पाठ्यक्रम से 'इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी', 'क्रिटिकल थिंकिंग (CT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉड्यूल' और 10वीं में 'एनवायरनमेंटल एजुकेशन' को हटा दिया गया है।


नई व्यवस्था के तहत व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य होगी। छात्रों को 'कौशल विकास' या बोर्ड द्वारा निर्धारित 22 कौशल विषयों में से एक का चयन करना होगा। दोनों विकल्पों के मूल्यांकन के तरीके अलग होंगे। कौशल विकास में स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा, जबकि 22 कौशल विषयों में से किसी एक को चुनने वाले छात्रों को 10वीं में संबंधित विषय की बोर्ड परीक्षा देनी होगी।


कक्षा 9 में अनिवार्य और वैकल्पिक विषय

सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 9 (2026-27) और कक्षा 10 (2027-28) के छात्रों को नौ अनिवार्य विषयों का अध्ययन करना होगा। इनमें तीन भाषाएं, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा शामिल हैं। वैकल्पिक विषयों में भाषाओं के साथ संगीत, चित्रकला, गृह विज्ञान, एनसीसी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बिजनेस और बुक कीपिंग एवं अकाउंटेंसी जैसे विषय शामिल हैं। यदि कोई छात्र वैकल्पिक विषय के रूप में भाषा चुनता है, तो वह पहले से चुनी गई तीन भाषाओं से अलग होनी चाहिए।


22 कौशल विषयों में शामिल हैं एआई और डेटा साइंस

छात्रों को पारंपरिक अकादमिक अध्ययन के साथ व्यावहारिक कौशल से जोड़ने वाले रोजगारपरक और कौशल आधारित 22 विषयों में रिटेल, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, ऑटोमोटिव, कृषि, पर्यटन, बैंकिंग एवं बीमा, स्वास्थ्य देखभाल, मार्केटिंग एवं सेल्स, फूड प्रोडक्शन, ब्यूटी एंड वेलनेस, मल्टीमीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजाइन थिंकिंग एवं इनोवेशन शामिल हैं। इसके अलावा फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर और फार्मास्यूटिकल एवं बायोटेक्नोलॉजी से संबंधित फाउंडेशन स्किल्स जैसे विषय भी हैं।


कक्षा 10 में बोर्ड परीक्षा के लिए मुख्य विषय

2027-28 में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा के लिए पांच मुख्य विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें पहली भाषा (R-1), दूसरी भाषा (R-2), गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, छात्र के चुने गए वैकल्पिक विषय, एडवांस्ड गणित, एडवांस्ड विज्ञान और 22 कौशल विषयों में से चुने गए विषय की भी बोर्ड परीक्षा होगी। तीसरी भाषा (आर-3), कला शिक्षा और शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा।


कौशल विकास में 33 प्रतिशत अंक पर प्रमाणपत्र

कौशल विकास विषय में छात्रों को बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को संबंधित स्कूल द्वारा प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। इसके विपरीत, 22 कौशल विषयों में से कोई विषय चुनने वाले छात्रों के अंक और ग्रेड बोर्ड द्वारा जारी अंकपत्र में दर्ज किए जाएंगे। उत्तीर्ण होने पर छात्रों को एनएसक्यूएफ प्रमाणपत्र भी मिलेगा।