आनंद भौदरिया का बड़ा बयान: पार्टी के किसी भी उम्मीदवार को जिताने का करूंगा प्रयास
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। टिकटों के लिए नेता सक्रिय हो गए हैं। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के धौराहरा से सांसद आनंद भौदरिया ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, पार्टी यदि किसी को भी उम्मीदवार बनाती है, भले ही उसने लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया हो, मैं ईमानदारी से उसे जीताने का प्रयास करूंगा।
आनंद भौदरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आदरणीय नेताओं... 2027 के विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार का चयन पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। इस बार किसी की सिफारिश पर टिकट नहीं दिया जाएगा। मेरा उत्तरदायित्व धौरहरा क्षेत्र की पांच विधानसभाओं के प्रति है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि, पार्टी जिस किसी को भी प्रत्याशी बनाएगी, चाहे उसने लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया हो, मैं उसे जीताने का प्रयास करूंगा। मैं किसी का पैरोकार नहीं हूं, मेरा कोई पसंदीदा उम्मीदवार नहीं है। जो भी पार्टी टिकट देगी, वही मेरा उम्मीदवार होगा।
भौदरिया ने टिकट के इच्छुक लोगों को सलाह दी कि वे अपने प्रयास राष्ट्रीय अध्यक्ष से करें। उन्होंने कहा कि, जब आपको मुझसे मदद की उम्मीद होती है, तो आप मेरी तारीफ करते हैं, लेकिन जब निराशा होती है, तो मेरे बारे में नकारात्मक बातें करते हैं।
सपा सांसद ने आगे कहा कि, जिन लोगों ने चुनाव में हमारी मदद की है, मैंने किसी से भी टिकट दिलाने का वादा नहीं किया है। आपका मेहनत का कर्ज मैं समय-समय पर चुकता करता रहूंगा। और याद रखें, मालिक की मर्जी के बिना कुछ नहीं होता।