तमिलनाडु में राज्यसभा उपचुनाव: सीएम विजय ने कांग्रेस को दी सीट
राज्यसभा की सीट पर उपचुनाव की तैयारी
नई दिल्ली: तमिलनाडु में 18 जून, 2026 को राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए उपचुनाव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की पार्टी, टीवीके, इस सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा कर आसानी से जीत सकती थी। हालांकि, सीएम विजय ने अपनी पार्टी का उम्मीदवार न देकर यह सीट सहयोगी कांग्रेस पार्टी को देने का निर्णय लिया है, जो एक दूरदर्शी रणनीति प्रतीत होती है।
कांग्रेस की ओर से इसे सीएम विजय की उदारता के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन, सी जोसेफ विजय अब राजनीति में नए नहीं हैं। कांग्रेस के टिकट पर जो उम्मीदवार राज्यसभा में जाएगा, उसका कार्यकाल केवल दो साल का होगा। इसका मतलब यह है कि सीएम विजय ने 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए सीटों के तालमेल के लिए पहले से ही अपनी रणनीति बना ली है। तमिलनाडु में कुल 39 लोकसभा सीटें हैं, जो महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद सबसे अधिक हैं।
इसका अर्थ है कि थलपति सी जोसेफ विजय की पार्टी, तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK), लोकसभा चुनावों में सहयोगियों से अधिक से अधिक सीटों पर दावा करने की स्थिति में रहेगी।
कांग्रेस और सहयोगियों का समर्थन
सीएम सी जोसेफ विजय को यह भली-भांति पता है कि उनकी सरकार विधानसभा में अपने दम पर बहुमत नहीं रखती। उनकी पार्टी टीवीके को समर्थन देने वाली कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास 5 विधायक हैं। डीएमके के अन्य सहयोगी दल, जैसे मुस्लिम लीग और सीपीएम-सीपीआई, जो टीवीके सरकार का समर्थन कर रहे हैं, भी कांग्रेस के पीछे हैं। ये सभी दल राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी अलायंस के भागीदार हैं। कांग्रेस के कारण ही इन दलों ने तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके के खिलाफ भी मोर्चा खोला है।