दिल्ली में CEC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई
जंतर मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन
जंतर मंतर पर CEC के खिलाफ प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावों में गड़बड़ी और SIR को लेकर उठे विवादों के चलते कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य छात्र संगठन आज मोर्चा खोलने जा रहे हैं। सीजेपी, आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) ने दिल्ली के जंतर मंतर पर सुबह 11 बजे से विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन के आह्वान के साथ ही दिल्ली मेट्रो ने 11 स्टेशनों को बंद कर दिया है।
जंतर मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में DCP सचिन शर्मा ने कहा, "यहां किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है और एहतियाती कदम उठाए गए हैं। मैं सभी से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील करता हूं। यहां धारा 163 लागू है। नई दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू है। इसलिए, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यहां किसी भी अनधिकृत धरने, विरोध प्रदर्शन या रैली की अनुमति नहीं है। मैं सभी से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील करता हूं।"
AAP और छात्र संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन की घोषणा के बाद, दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और जंतर मंतर सहित 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए हैं। ये संगठन वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) और बड़ी संख्या में वोटरों के नाम हटाने के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। DMRC ने X पर एक पोस्ट में कहा कि जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।