×

सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होगी फिल्म 'दिल तो पागल है'

 


यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी 'दिल तो पागल है' हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक मानी जाती है। यह फिल्म 30 अक्टूबर 1997 को रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। इस फिल्म में शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की तिकड़ी नजर आई थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब करीब 28 साल बाद यह आइकॉनिक फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में रि-रिलीज होने जा रही है। मेकर्स ने रि-रिलीज की तारीख का भी ऐलान कर दिया है।

फिल्म 'दिल तो पागल है' को 28 फरवरी 2025 को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की घोषणा हो चुकी है। यश राज फिल्म्स ने इसकी पुष्टि करते हुए लिखा, इस हफ्ते सिनेमाघरों में फिर से रोमांस और प्यार का दौर लौट रहा है। 28 फरवरी से 'दिल तो पागल है' फिर से देखें।

यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल तो पागल है' में अक्षय कुमार ने एक कैमियो रोल निभाया था। यह फिल्म डांसर्स की कहानी पर आधारित है, जिसमें शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर के किरदारों के इर्द-गिर्द कहानी घूमती है। इसने तीन नेशनल अवार्ड्स जीते थे, जिनमें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार शामिल है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 34.97 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। अगर आप इसे घर बैठे देखना चाहते हैं, तो यह ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे