अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स ने गोवा में की शादी, जानें उनके प्यार की कहानी
अर्जुन रामपाल ने अपनी पार्टनर से की शादी
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय की साथी गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ विवाह बंधन में बंध गए हैं। इस जोड़े ने गोवा के बार्देज सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। अर्जुन ने खुद वहां जाकर सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे किए, जिससे वे अब कानूनी रूप से पति-पत्नी बन गए हैं।
2018 से एक-दूसरे के साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन और गैब्रिएला का रिश्ता 2018 से शुरू हुआ था, और इस दौरान उन्होंने एक परिवार भी बना लिया है। शादी से कुछ समय पहले, अर्जुन ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में अपनी सगाई की पुष्टि की थी। पॉडकास्ट के ट्रेलर में लिखा था - 'शहर के सबसे कूल कपल को बधाई।'
इस बातचीत में गैब्रिएला ने कहा कि प्यार में शर्तें होती हैं, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद ऐसा नहीं हो सकता। उन्होंने मजाक में कहा कि वह अर्जुन के पीछे इसलिए नहीं पड़ीं कि वह बहुत आकर्षक हैं।
अर्जुन ने हंसते हुए कहा कि वह गैब्रिएला के पीछे इसलिए पड़े थे क्योंकि वह आकर्षक थीं, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उनके पास और भी बहुत कुछ है। इसी बातचीत में गैब्रिएला ने कहा कि वे अभी शादीशुदा नहीं हैं, जिस पर अर्जुन ने कहा कि उनकी सगाई हो चुकी है, जिसे सुनकर रिया चौंक गईं।
अर्जुन और गैब्रिएला के दो बेटे
अर्जुन और गैब्रिएला दो बेटों के माता-पिता हैं। उनका पहला बेटा अरिक 2019 में जन्मा था, जबकि दूसरा बेटा अराव 2023 में आया। गैब्रिएला एक दक्षिण अफ्रीकी मॉडल और फैशन डिजाइनर हैं, जो अक्सर अपने करियर और मातृत्व के बीच संतुलन बनाने के बारे में बात करती हैं। यह जोड़ा अक्सर गोवा में अपने बच्चों के साथ देखा जाता है।
पहली शादी से अर्जुन के दो बेटियां
गैब्रिएला से पहले, अर्जुन की शादी सुपरमॉडल मेहर जेसिया से हुई थी। उन्होंने 1998 में विवाह किया और उनकी दो बेटियां हैं - माहिका और मायरा। 2018 में, दोनों ने अलग होने की घोषणा की थी, जो आपसी सहमति और सम्मान के साथ लिया गया निर्णय था।
2019 में उनका तलाक हो गया। अर्जुन ने कई बार कहा है कि तलाक के बाद भी वे मेहर के साथ मिलकर अपनी बेटियों की परवरिश कर रहे हैं। अब गोवा में रजिस्टर्ड विवाह के साथ, अर्जुन और गैब्रिएला ने अपने 7 साल के रिश्ते को एक नया नाम दे दिया है।