उत्तर कुमार और अंजली राघव का नया हरियाणवी गाना 'आजा मेरी गाड़ी में' हुआ रिलीज
हरियाणवी संगीत में नया धमाका
मुंबई: भारतीय फिल्म निर्माता, निर्देशक और अभिनेता उत्तर कुमार, जो हरियाणवी सिनेमा में प्रमुखता से सक्रिय हैं, का नया गाना ‘आजा मेरी गाड़ी में’ बुधवार को लॉन्च हुआ। यह गाना ‘हर्ट म्यूजिक’ नामक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है, और इसे रिलीज के कुछ घंटों में ही हजारों व्यूज, लाइक्स और कमेंट्स मिल चुके हैं। दर्शक इस कपल की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को बेहद पसंद कर रहे हैं। वीडियो में उत्तर और अंजली की बेहतरीन कैमेस्ट्री देखने को मिलती है, और दोनों का स्टाइलिश लुक भी दर्शकों को भा रहा है।
इस नए गाने में फैंस को शानदार हरियाणवी संगीत के साथ अद्भुत डांस मूव्स देखने को मिलेंगे। गाने के बोल पूरी तरह से देसी और शुद्ध हरियाणवी हैं, जिसमें अभिनेत्री अपने आकर्षक लुक में नजर आ रही हैं। वीडियो में लोग अंजली के लुक की भी तारीफ कर रहे हैं। गाने ‘आजा मेरी गाड़ी में’ को गायक शिकारी, राजबाला और नरदेव बेनीवाल ने अपनी मधुर आवाज दी है। वीडियो में उत्तर और अंजली के साथ केहर खर्किया और शिकारी भी दिखाई दे रहे हैं। इस एल्बम का निर्माण केहर खर्किया ने किया है।
उत्तर कुमार मूलतः उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 40 से अधिक फिल्मों में काम किया है। वहीं, अंजली राघव एक भारतीय अभिनेत्री और मॉडल हैं, जिन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री में भी काम किया है।
गाने के रिलीज से पहले, उत्तर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्रमोशनल वीडियो साझा किया था, जिसमें अंजली राघव भी शामिल थीं। इस वीडियो के बाद फैंस का उत्साह काफी बढ़ गया था और वे गाने के पूरे वीडियो का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।