एक्सेल एंटरटेनमेंट ने लॉन्च किया नया म्यूज़िक लेबल 'एक्सेल म्यूज़िक'
एक्सेल म्यूज़िक का उद्घाटन
फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने अपनी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत नया म्यूज़िक लेबल 'एक्सेल म्यूज़िक' लॉन्च किया है। इस लेबल के लिए यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप को मार्केटिंग और वितरण के लिए साझेदार बनाया गया है।
कंपनी ने इस नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि एक्सेल म्यूज़िक उनकी रचनात्मक यात्रा का एक नया अध्याय है। यह प्लेटफॉर्म एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर के साथ-साथ अन्य प्रमुख फिल्म निर्माताओं के संगीत को भी प्रस्तुत करेगा।
एक्सेल म्यूज़िक की पहली पेशकश फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का साउंडट्रैक एल्बम होगा, जो 04 सितंबर 2026 को रिलीज़ होने वाली है। इस एल्बम का पहला गाना हरियाणवी गायक धांडा के साथ मिलकर तैयार किया गया है, जो बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। यह गाना इस सप्ताह जारी किया जाएगा।
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले 20 वर्षों में 'दिल चाहता है', 'लक्ष्य', 'रॉक ऑन!!', 'कार्तिक कॉलिंग कार्तिक', 'ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'दिल धड़कने दो', 'बार बार देखो', 'रईस' और 'गली बॉय' जैसी कई यादगार फिल्मों के माध्यम से भारतीय सिनेमा को बेहतरीन संगीत एल्बम दिए हैं।
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा कि संगीत हमेशा उनकी रचनात्मक यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और एक्सेल म्यूज़िक उसी जुनून का स्वाभाविक विस्तार है। उनका उद्देश्य देश के बेहतरीन रचनात्मक प्रतिभाओं के साथ मिलकर ऐसा संगीत तैयार करना है, जो पीढ़ियों तक श्रोताओं के दिलों में बसा रहे।
यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप के भारत और दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक सानुजीत भुजाबल ने कहा कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी प्रभावशाली फिल्मों के माध्यम से समकालीन हिंदी सिनेमा को नई पहचान दी है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप एक्सेल म्यूज़िक को भारत और विश्व स्तर पर श्रोताओं तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।