एयर इंडिया की लंदन से मुंबई उड़ान में यात्रियों की तबीयत बिगड़ी
मुंबई में एयर इंडिया की उड़ान में स्वास्थ्य संकट
मुंबई: लंदन से मुंबई आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान में कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों की अचानक तबीयत खराब हो गई। विमान के मुंबई एअरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी को तुरंत मेडिकल रूम में ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति में सुधार हुआ। यह उड़ान लंदन के हीथ्रो एअरपोर्ट से मुंबई के लिए थी। उड़ान के दौरान, पांच यात्रियों और दो क्रू मेंबर्स को चक्कर आने और मितली जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई एअरपोर्ट पर उतारा गया, जहां पहले से मेडिकल टीम मौजूद थी। हालांकि, लैंडिंग के बाद भी दो यात्रियों और दोनों क्रू मेंबर्स की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, इसलिए उन्हें मेडिकल रूम में ले जाया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस घटना की जानकारी दी और बताया कि फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर चुकी है। हमारी मेडिकल टीम ने तुरंत सहायता प्रदान की। लैंडिंग के बाद भी दो यात्री और दो क्रू मेंबर्स असहज महसूस कर रहे थे, लेकिन इलाज के बाद उन्हें डिसचार्ज कर दिया गया है। हम इस घटना की जांच कर रहे हैं।
इस घटना से पहले, एयर इंडिया की फ्लाइट IX2564 जो दिल्ली से जम्मू जा रही थी, उसे संदिग्ध जीपीएस सिग्नल के हस्तक्षेप के कारण वापस दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट को फिर से दिल्ली में लैंड कराया गया और यात्रियों को बाद में दूसरी उड़ान से जम्मू भेजा गया।