जैस्मिन भसीन की तबियत बिगड़ी, अली गोनी ने साझा की चिंता की बातें
जैस्मिन का जन्मदिन मनाने दुबई गए थे
मुंबई: टेलीविजन के चर्चित जोड़े जैस्मिन भसीन और अली गोनी हाल ही में जैस्मिन के 36वें जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए विदेश गए थे। उनका इरादा था कि वे इस मौके पर खूब मस्ती करेंगे और एक-दूसरे के साथ समय बिताएंगे। लेकिन किस्मत ने कुछ और ही सोच रखा था। जैसे ही जैस्मिन दुबई पहुंची, उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
अली गोनी ने दी स्थिति की जानकारी
इस घटना की जानकारी अली गोनी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी में लिखा, "जिन्हें मैंने मैसेज और कॉल नहीं किया, उनके लिए एक संदेश। आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम जैस्मिन का जन्मदिन मनाने दुबई आए थे, लेकिन किस्मत ने कुछ और ही तय किया। वह अचानक बीमार पड़ गई और गंभीर इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पिछले कुछ दिन हमारे लिए बहुत कठिन और भावनात्मक रहे हैं।"
अली ने आगे कहा, "अगर मैं आपके मैसेज का जवाब नहीं दे पाया, तो कृपया मुझे माफ करें। मेरा ध्यान पूरी तरह से जैस्मिन पर है। उसे बेहतरीन देखभाल मिल रही है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रही है। कृपया उसे अपनी दुआओं में याद रखें। इंशाअल्लाह, वह जल्द ही मुस्कुराते हुए लौटेगी।"
जैस्मिन ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
अली की पोस्ट के बाद, जैस्मिन ने भी एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "मुझे खेद है कि मैं आपके प्यारे संदेशों का जवाब नहीं दे पाई। मेरा जन्मदिन वैसा नहीं रहा जैसा हमने सोचा था। जीवन में कभी भी कुछ भी हो सकता है, लेकिन अब मैं बेहतर महसूस कर रही हूं और जल्द ही लौटूंगी। आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए मैं सभी की आभारी हूं।"
जैस्मिन ने यह भी बताया कि उन्हें टर्मिनल इलियटिस और गंभीर इन्फेक्शन हुआ है। उनका इलाज जारी है और वह जल्द ही वापस लौटेंगी। जैस्मिन और अली के इस पोस्ट के बाद उनके फैंस उनकी जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।