दिलजीत दोसांझ ने इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा चिंताओं को किया खारिज
दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मध्य प्रदेश के इंदौर में अपने आगामी संगीत कार्यक्रम को लेकर चल रही सभी अटकलों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को नकार दिया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपने फैंस से बातचीत करते हुए, दिलजीत ने स्पष्ट किया कि उनका कॉन्सर्ट निर्धारित समय पर ही होगा। यह शो 15 नवंबर को इंदौर के सी21 एस्टेट में आयोजित किया जाएगा और यह उनके 'ऑरा इंडिया टूर' का दूसरा महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले सप्ताह इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं उठी थीं।
दरअसल, तीन स्कूलों और इंदौर के महापौर सचिवालय को एक ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसमें इस कार्यक्रम का भी उल्लेख था। इसके बाद साइबर अपराध की जांच शुरू की गई। दिलजीत ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक लाइव सेशन के दौरान एक प्रशंसक के सवाल का जवाब देते हुए कहा, 'हम 15 नवंबर को इंदौर आ रहे हैं। इस बारे में बहुत सारी खबरें आई हैं। कई चैनलों ने इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया।'
उन्होंने कहा, 'चाहे वे कुछ भी कहें, मैं 15 नवंबर को इंदौर आ रहा हूं। पहले हम पोहा खाएंगे, 101 प्रतिशत, और फिर उसी ऊर्जा के साथ कार्यक्रम में धमाल मचाएंगे। आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।' पुलिस के अनुसार, पंजाबी भाषा में लिखे गए ये ईमेल तीन स्कूलों को भेजे गए थे, जिसमें स्कूल प्रबंधन को बम विस्फोट की धमकी दी गई थी और विद्यार्थियों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की चेतावनी दी गई थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि बम निरोधक दस्तों ने तीनों स्कूलों की जांच की, लेकिन वहां कोई विस्फोटक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ये ईमेल फर्जी प्रतीत होते हैं। अपराध शाखा ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दिलजीत के चार लोकप्रिय गानों- 'पटियाला पेग', 'पांच तारा ठेके', 'जेब विचो फीम' और 'जट्ट फायर करदा' को कार्यक्रम में प्रस्तुत करने पर रोक लगाए जाने के बाद यह कॉन्सर्ट चर्चा में आया था। इन गानों में कथित तौर पर शराब और हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री होने के कारण आशंका जताई गई थी कि इनका बच्चों और अन्य लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। 'ऑरा इंडिया टूर' के तहत पहला संगीत कार्यक्रम 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था।