पंजाब के मोगा में स्वाइन फ्लू के नए मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा
मोगा। पंजाब के मोगा जिले में एक बार फिर से स्वाइन फ्लू (H1N1) का खतरा बढ़ गया है। हाल ही में तीन नए मरीजों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। राहत की बात यह है कि तीनों मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्ध लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
पंजाब में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े
इस साल अगस्त और सितंबर में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू के मामलों में वृद्धि देखी गई है। जनवरी से अब तक कुल 1,513 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई है, जिनमें से 220 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। मोगा जिले में तीन नए मामलों के साथ स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 11 हो गई है। लुधियाना में 72, एसएएस नगर मोहाली में 36, पटियाला में 16 और जालंधर में 10 मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां
राज्य के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देश पर विशेष फ्लू कॉर्नर और आइसोलेशन वार्ड सक्रिय कर दिए गए हैं। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि वे इस संक्रामक बीमारी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। यदि किसी को तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में कठिनाई हो, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें, खांसते या छींकते समय मुंह को ढकें और नियमित रूप से हाथों को साबुन या सैनिटाइज़र से साफ करें।