पश्चिम बंगाल चुनाव: 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की प्रक्रिया
पश्चिम बंगाल चुनाव में पुनर्मतदान
पश्चिम बंगाल चुनाव: चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगरा हाट पश्चिम के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आयोग ने निर्देश जारी किए हैं। मतदान प्रक्रिया 2 मई को सुबह सात बजे से शुरू होगी। इन मतदान केंद्रों में 143-डायमंड हार्बर एसी के चार और 142-मगराहाट पश्चिम एसी के 11 केंद्र शामिल हैं, जहां शनिवार को फिर से वोटिंग होगी। यह निर्णय चुनाव आयोग ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर लिया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार मतदान का रिकॉर्ड टूट गया है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हुआ। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। दोनों चरणों में राज्य में भारी मतदान हुआ, जिसमें पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस प्रकार, बंगाल में कुल मतदान औसत 92.93 प्रतिशत से अधिक रहा, जो देश में किसी राज्य का नया रिकॉर्ड है।
इसके अलावा, चार मई को परिणामों से पहले बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि मतगणना केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं है, क्योंकि स्ट्रॉन्ग रूम की चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी की जा रही है।