फ्रांस की दिग्गज अभिनेत्री ब्रिगिट बार्डोट का निधन
ब्रिगिट बार्डोट का निधन
नई दिल्ली: प्रसिद्ध फ्रांसीसी अभिनेत्री ब्रिगिट बार्डोट का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। रिपोर्टों के अनुसार, उनका निधन दक्षिणी फ्रांस में स्थित उनके निवास पर हुआ। मृत्यु का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। बार्डोट ने 1950 के दशक में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और उन्हें 'कंटेम्प्ट', 'लव ऑन अ पिलो', और 'द ट्रुथ' जैसी फिल्मों में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता था।
जो लोग इस बारे में नहीं जानते हैं, उन्हें बताना चाहेंगे कि 1973 में अभिनय से संन्यास लेने के बाद, बार्डोट ने ब्रिगिट बार्डोट फाउंडेशन की स्थापना की और पशु अधिकारों के लिए कार्यकर्ता बन गईं। उनके निधन की खबर ने प्रशंसकों और फिल्म उद्योग को गहरे सदमे में डाल दिया है। बार्डोट को 1956 की फिल्म 'एंड गॉड क्रिएटेड वुमन' में उनके प्रदर्शन के लिए वैश्विक पहचान मिली, जिसे उनके पूर्व पति रोजर वादिम ने निर्देशित किया था। बीस वर्षों तक, उन्हें एक आदर्श सेक्स किटन के रूप में देखा गया।
फ्रांस के राष्ट्रपति का शोक
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने ब्रिगिट बार्डोट के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "उनकी फिल्में, उनकी आवाज, उनकी चमकदार प्रसिद्धि, उनके नाम के पहले अक्षर, उनके दुख, जानवरों के प्रति उनका उदार प्रेम, उनका चेहरा जो मैरिएन बन गया, ब्रिगिट बार्डोट ने स्वतंत्रता के जीवन को साकार किया। फ्रांसीसी अस्तित्व, सार्वभौमिक प्रतिभा। उन्होंने हमें छुआ। हम सदी की एक महान हस्ती के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।"
फ्रांसीसी राजनीतिज्ञ फ्लोरियन फिलिपोट ने भी लिखा, "ब्रिजिट बार्डोट का निधन हो गया है और पूरा फ्रांस शोक में डूबा हुआ है। ब्रिजिट बार्डोट एक ऐसी महिला थीं, जो सुंदरता, प्रतिभा, पशु प्रेम, गरिमा, शालीनता, साहस, मुखरता, देशभक्ति और फ्रांस प्रेम का प्रतीक थीं। हम सब गहरे दुख से घिरे हुए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं।"
ब्रिगिट बार्डोट का प्रारंभिक जीवन
ब्रिगिट बार्डोट का प्रारंभिक जीवन और उनकी पहली फिल्म
ब्रिगिट बार्डोट का जन्म 28 सितंबर 1934 को पेरिस, फ्रांस में हुआ था। उन्होंने 15 वर्ष की आयु में मॉडलिंग में कदम रखा। बाद में, उन्होंने अभिनय को अपना पेशा बनाया और 1952 में, बार्डोट फिल्म 'क्रेज़ी फॉर लव' में जावोट लेमोइन की भूमिका में नजर आईं। इस फिल्म का निर्देशन जीन बोयर ने किया था और इसमें पियरे लार्के ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।