बादशाह का नया गाना 'टटीरी' विवाद में, माफी मांगी
बादशाह के गाने पर विवाद
मुंबई: प्रसिद्ध रैपर और गायक बादशाह अपने हालिया हरियाणवी गाने 'टटीरी' के चलते विवादों में घिर गए हैं। गाने के बोल और वीडियो के कुछ हिस्सों को आपत्तिजनक मानते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। खासकर हरियाणा में इसे महिलाओं और नाबालिगों की इज्जत के खिलाफ समझा गया। इसके चलते खाप पंचायतों, महिला आयोग और पुलिस को शिकायतें मिलीं, जिसके परिणामस्वरूप FIR दर्ज की गई और गाना यूट्यूब से हटा दिया गया।
हरियाणा पुलिस ने लोकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विवाद के बीच, बादशाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मुझे पता चला कि इसके लिरिक्स और विजुअल्स से बहुत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर मेरी अपनी हरियाणवी कम्युनिटी की। मैं खुद हरियाणा से हूं। जो मुझे जानते हैं, वो जानते हैं कि मेरी भाषा, खान-पान, लाइफस्टाइल सब हरियाणवी है। मैं बहुत गर्व से हरियाणवी हूं। मैंने कभी किसी हरियाणा की बच्ची या औरत के बारे में कोई अपमानजनक बात नहीं कही।'
बादशाह ने आगे कहा कि हिप-हॉप शैली में रैपर्स अक्सर एक-दूसरे पर तंज कसते हैं या प्रतिस्पर्धा दिखाते हैं। गाने का उद्देश्य भी यही था, किसी महिला या बच्ची को निशाना बनाना नहीं था। लेकिन यदि किसी को ठेस पहुंची है, तो वे दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा, 'अगर गाने का कोई भी हिस्सा आपको बुरा लगा, तो मैं पूरे दिल से माफी मांगता हूं। उम्मीद है आप मुझे हरियाणा का बेटा समझ कर माफ कर देंगे।'
बादशाह ने यह भी बताया कि गाना हर जगह से हटाया जा रहा है। वीडियो में वे भावुक नजर आए और अपनी हरियाणवी पहचान पर जोर दिया। फैंस ने कमेंट्स में समर्थन किया, कई ने लिखा 'हम आपके साथ हैं ब्रो' और 'माफ कर देते हैं'। हालांकि कुछ लोग अभी भी नाराज हैं। यह मामला हरियाणा महिला आयोग में भी पहुंचा है, जहां 13 मार्च को सुनवाई होनी है।
बादशाह को स्पष्टीकरण देना होगा। विवाद के बावजूद, उनके फैंस उनका समर्थन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनका इरादा कभी गलत नहीं था। आगे क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा, लेकिन बादशाह ने माफी मांगकर स्थिति को संभालने की कोशिश की है।