बिग बॉस 20: नए सीजन की शुरुआत, जानें कंटेस्टेंट्स और थीम
बिग बॉस 20 का ग्रैंड प्रीमियर
मुंबई: सलमान खान का लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' का नया सीजन अब दर्शकों के सामने आने वाला है। 'बिग बॉस 20' का भव्य प्रीमियर आज, 6 सितंबर 2026 को होगा। शो के शुरू होने से पहले ही प्रतियोगियों, घर की थीम और सलमान खान के लुक पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। इस बार शो में टीवी, फिल्म, सोशल मीडिया और म्यूजिक की दुनिया से जुड़े 18 प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतियोगियों के बीच होने वाले टास्क, दोस्ती, बहस और विवादों के साथ इस सीजन में कुछ नए मोड़ भी देखने को मिलेंगे.
कब और कहां देख सकते हैं बिग बॉस 20?
'बिग बॉस 20' का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। दर्शक इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे, जबकि टीवी पर इसका प्रसारण कलर्स चैनल पर होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जियो हॉटस्टार पर शो रोज रात 9 बजे स्ट्रीम होगा, जबकि कलर्स टीवी पर इसे रात 10:30 बजे देखा जा सकेगा। इस सीजन को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है.
बिग बॉस 20 में कौन-कौन आएगा?
इस सीजन में कुल 18 प्रतियोगियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है, जो टेलीविजन, फिल्मों, सोशल मीडिया और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हैं.
बिग बॉस 20 के प्रतियोगियों की सूची:
- माही विज
- आम्रपाली दुबे
- रीति तिवारी
- अमन गांधी
- उदिति सिंह
- काजी तौकीर
- मैरी कॉम
- अर्शिफा खान
- कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू
- ईशा रिखी
- आसिफ खान
- रोहेड़ खान
- फैसल खान
- कनिका मान
- रैपर यंग डीएसए
- खुशी दुबे
- रिया अहीर
- लव गिल
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन सभी प्रतियोगियों में से कौन मजबूत खेल दिखाता है और कौन दर्शकों का पसंदीदा बनता है.
बिग बॉस 20 की थीम क्या है?
इस बार शो के लिए 'वरदान', 'हाउस ऑफ इल्यूजन' और 'ड्युअलिटी' यानी 'तथास्तु' जैसी थीम रखी गई है। सीजन में एलिमिनेशन को लेकर भी एक नया मोड़ देखने को मिल सकता है। बताया गया है कि बाहर होने वाले प्रतियोगियों को 'वरदान' के रूप में एक अतिरिक्त लाइफलाइन मिल सकती है, जिससे उन्हें गेम में दोबारा बने रहने का मौका मिल सकता है. इसका मतलब है कि इस सीजन में किसी प्रतियोगी का सफर केवल एक एलिमिनेशन के साथ खत्म नहीं होगा और खेल में वापसी का रास्ता भी खुल सकता है.
एडवेंचर वर्ल्ड जैसा दिखेगा बिग बॉस का घर
हर सीजन की तरह इस बार भी बिग बॉस के घर को खास तरीके से सजाया गया है। इस बार घर को बहुत रंगीन और अतरंगी लुक दिया गया है। सेट डिजाइनर वर्षा जैन ने इसे इस तरह से डिजाइन किया है कि यह पारंपरिक घर के बजाय किसी एडवेंचर वर्ल्ड जैसा नजर आए। घर में पेड़-पौधे, पक्षियों और विभिन्न जीवों से जुड़े डिजाइन देखने को मिलेंगे.
Room Number 20 में छिपा है सीक्रेट
बिग बॉस 20 के घर में कई ऐसे हिस्से हैं जो दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा Room Number 20 की हो रही है। कहा जा रहा है कि इस कमरे के अंदर कोई खास सरप्राइज छिपा है। हालांकि, यह सरप्राइज क्या है, इसका खुलासा शो शुरू होने के बाद ही होगा. घर के अंदर एक और सीक्रेट होने की बात कही गई है, जिसका राज धीरे-धीरे दर्शकों के सामने आएगा.