भारत में TikTok पर बैन की स्थिति स्पष्ट, सरकार ने खारिज की अनब्लॉकिंग की खबरें
TikTok पर बैन की स्थिति
TikTok पर बैन: भारत सरकार ने शुक्रवार को उन सभी दावों को सिरे से नकार दिया, जिनमें कहा गया था कि चीन के शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म TikTok से बैन हटा लिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 'भारत में TikTok को लेकर कोई अनब्लॉकिंग आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसी खबरें पूरी तरह से गलत और भ्रामक हैं।'
हाल के दिनों में कई इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर यह दावा किया कि वे TikTok की वेबसाइट तक पहुंच बना पा रहे हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी वीडियो अपलोड, लॉगिन या सामग्री देखने में सक्षम नहीं था। इस पर दूरसंचार विभाग के सूत्रों ने बताया कि इंटरनेट सेवा प्रदाता (ISPs) अब भी TikTok की वेबसाइट और ऐप को ब्लॉक कर रहे हैं। ध्यान देने योग्य बात यह है कि भारत में Google Play Store और Apple App Store पर TikTok ऐप उपलब्ध नहीं है, जिससे वेबसाइट के खुलने की स्थिति पर सवाल उठते हैं।
कब और क्यों लगाया गया था टिकटॉक पर बैन?
भारत सरकार ने जून 2020 में सुरक्षा चिंताओं के चलते 59 मोबाइल एप्लिकेशनों पर प्रतिबंध लगाया था, जिनमें TikTok, UC Browser, WeChat जैसे लोकप्रिय ऐप्स शामिल थे। उस समय सरकार ने स्पष्ट किया था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं। तकनीकी विशेषज्ञों ने चेतावनी दी थी कि ये एप्लिकेशन उपयोगकर्ताओं के स्थान और निजी डेटा को चीन स्थित सर्वरों पर भेज रहे थे।
भारत और चीन के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह निर्णय लिया गया था। जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में कई भारतीय जवान शहीद हुए थे। इसी घटना के बाद भारत सरकार ने चीनी एप्लिकेशनों पर प्रतिबंध लगाने का बड़ा कदम उठाया था।
SHEIN और Aliexpress पर स्थिति
हालांकि, TikTok पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन SHEIN और Aliexpress जैसे अन्य चीनी प्लेटफार्मों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इन ऐप्स और वेबसाइटों पर भी 2020 में प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन हाल ही में उपयोगकर्ताओं के बीच चर्चा है कि इनमें से कुछ तक आंशिक पहुंच मिल रही है।