भारतीय शेयर बाजार में सपाट शुरुआत, मेटल और डिफेंस शेयरों में तेजी
शेयर बाजार का हाल
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सपाट शुरुआत की। सुबह 9:21 बजे सेंसेक्स 6 अंकों की गिरावट के साथ 74,553 पर और निफ्टी 10 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 23,390 पर था। शुरुआती कारोबार में बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला। मेटल और डिफेंस शेयरों में तेजी आई, जबकि निफ्टी मेटल और निफ्टी इंडिया डिफेंस शीर्ष गेनर्स बने। निफ्टी एफएफसीजी, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी फार्मा, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी पीएसई, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी एनर्जी भी गेनर्स में शामिल थे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी, निफ्टी सर्विसेज और निफ्टी पीएसयू बैंक लूजर्स रहे।
सेंसेक्स में एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, बीईएल, कोटक महिंद्रा, एलएंडटी, आईटीसी, सन फार्मा, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, टीसीएस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और टेक महिंद्रा शीर्ष गेनर्स रहे। वहीं, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इटरनल, एनटीपीसी, इन्फोसिस, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एमएंडएम लूजर्स में शामिल थे।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 228 अंकों या 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,932 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 76 अंकों या 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,015 पर पहुंच गया। अधिकांश एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख रहा। टोक्यो, हांगकांग, सोल, बैंकॉक और शंघाई में हरे निशान में कारोबार हुआ, जबकि जकार्ता लाल निशान में रहा। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को मिलाजुला बंद हुआ, जिसमें डाओ जोन्स 0.11 प्रतिशत बढ़ा और नैस्डैक 0.71 प्रतिशत गिरा।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुद्ध विक्रेता बने हुए हैं। उन्होंने मंगलवार को इक्विटी में 1,959.39 करोड़ रुपए की बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,990.32 करोड़ रुपए का निवेश किया। कच्चे तेल में कमजोरी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.99 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 106.53 डॉलर प्रति बैरल पर था।