मनोज मुंतशिर ने साझा किया 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा' के पीछे की कहानी
मनोज मुंतशिर का खुलासा
मुंबई: प्रसिद्ध बॉलीवुड गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने फिल्म 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' के चर्चित गीत 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा' के बारे में एक दिलचस्प जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि इस गाने को पहले पुरुष की आवाज में रिकॉर्ड किया जा रहा था, और इसके निर्माण में कई बदलाव और चर्चाएं शामिल थीं।
यह जानकारी उन्होंने अभिनेता और होस्ट राजीव खंडेलवाल के शो 'तुम हो ना' में दी। बातचीत के दौरान, उन्होंने बताया कि जब फिल्म की कहानी और संगीत पर काम चल रहा था, तब इस गाने पर भी चर्चा हुई थी। उस समय यह तय किया गया था कि गाने को सिंगर अरिजीत सिंह गाएंगे और म्यूजिक अमाल मलिक देंगे। प्रारंभ में, यह गाना एक पुरुष के दृष्टिकोण से लिखा गया था, जिसमें भावनाओं को एक अलग तरीके से प्रस्तुत करने की योजना थी।
मनोज ने कहा, 'फिल्म में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का किरदार अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत निभा रहे थे। जब गाना पुरुष की आवाज में तैयार हुआ, तो निर्देशक नीरज पांडे और निर्माता भूषण कुमार को लगा कि यह भाव धोनी के असली व्यक्तित्व से मेल नहीं खा रहा है। धोनी स्वभाव से शांत हैं और वह अपने प्यार को इस तरह से व्यक्त नहीं करते। इसलिए यह सवाल उठने लगा कि क्या यह गाना वास्तव में इस किरदार के लिए उपयुक्त है या नहीं।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस पर काफी चर्चा हुई और टीम ने यह भी सोचा कि शायद इस गीत को बदलकर कुछ और लिखा जाए। लेकिन कई दिनों तक कोशिश करने के बावजूद कोई नया गाना उतना प्रभावशाली नहीं बन पाया। लगभग 10 से 15 दिनों तक इस विषय पर चर्चा चलती रही। इसके बाद, निर्देशक नीरज पांडे ने एक नया सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अगर धोनी खुद अपने प्यार का इजहार नहीं कर सकते, तो उनकी प्रेमिका की तरफ से यह भाव व्यक्त किया जा सकता है। इसी विचार के बाद यह तय हुआ कि गीत को महिला आवाज में रखा जाए।'
मनोज ने बताया कि इस बदलाव के बाद पूरी टीम ने राहत की सांस ली। अगर यह गाना फिल्म से हटा दिया जाता, तो दर्शक इस खूबसूरत गीत से वंचित रह जाते। आज यह गीत फिल्म का एक यादगार हिस्सा है और लोगों के दिलों में इसकी खास जगह है।
बातचीत के दौरान, मनोज ने इस गाने की शुरुआत से जुड़ी एक और व्यक्तिगत कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस गाने की पहली लाइन उन्हें अपने बेटे के एक छोटे से पल से मिली थी। एक दिन उनके बेटे ने मासूमियत से कहा कि उसकी मां उससे ज्यादा प्यार करती हैं। बेटे की यह बात सुनकर मनोज ने मजाक में कहा, 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा जैसे मैं करता हूं?'
उन्होंने कहा, 'जैसे ही यह शब्द मुंह से निकले, मुझे तुरंत समझ आ गया कि इस पर एक गाना बन सकता है। मैंने बिना देर किए इस लाइन को अपने मोबाइल में नोट कर लिया, ताकि बाद में इस पर काम किया जा सके।'