मिर्जापुर: सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली फिल्म का पहला पोस्टर जारी
मिर्जापुर का नया अध्याय
मुंबई: क्राइम और पावर की दुनिया में तहलका मचाने वाली मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। एक्सेल मूवीज ने बहुप्रतीक्षित 'मिर्जापुर द मूवी' का पहला आधिकारिक पोस्टर जारी किया है। जैसे ही पोस्टर सामने आया, सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। पोस्टर में एक सुनसान सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती कारों का काफिला नजर आ रहा है, जिन पर हथियारबंद लोग बैठे हैं। सबसे पीछे एक शानदार हरी कार है, जो रस्सी से बंधी कुर्सी को खींच रही है। यह दृश्य मिर्जापुर की खौफनाक और हिंसक दुनिया को दर्शाता है, जिसके लिए यह फ्रेंचाइजी जानी जाती है।
पहले यह माना जा रहा था कि मिर्जापुर फिल्म 2026 में कभी भी रिलीज हो सकती है, लेकिन अब मेकर्स ने आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। 'मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। रिलीज डेट के खुलासे के साथ ही फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है, क्योंकि लंबे समय से दर्शक इस सीरीज को बड़े पर्दे पर देखने की मांग कर रहे थे।
फैंस की प्रतिक्रियाएं
पोस्टर पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
जैसे ही पोस्टर और रिलीज डेट का खुलासा हुआ, फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ला दी। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि सचिव जी भी हैं। वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा कि CAT क्लियर करने के बाद सचिव जी फुलेरा से मिर्जापुर कैसे पहुंच गए। कई फैंस ने कमेंट किया कि आखिरकार मुन्ना भैया, गुड्डू भैया और कालीन भैया एक साथ आ रहे हैं। सबसे ज्यादा लिखा गया कमेंट था 'मुन्ना भैया वापस', जो दर्शाता है कि दर्शक पुराने किरदारों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कास्ट की घोषणा से बढ़ी उत्सुकता
पूरी कास्ट लाइनअप ने बढ़ाया क्रेज
मेकर्स ने मिर्जापुर फिल्म की पूरी कास्ट का खुलासा भी किया है। खास बात यह है कि सीरीज के लगभग सभी प्रमुख किरदार फिल्म में दिखाई देंगे। फिल्म में मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु शर्मा, गुड्डू भैया के रोल में अली फजल और कालीन त्रिपाठी के किरदार में पंकज त्रिपाठी नजर आएंगे। इसके अलावा गोलू गुप्ता के रोल में श्वेता त्रिपाठी शर्मा, बीना त्रिपाठी के किरदार में रसिका दुगल और स्वीटी गुप्ता के रोल में श्रेया पिलगांवकर शामिल हैं।
फिल्म में जितेंद्र कुमार का नाम सुनते ही फैंस और ज्यादा उत्साहित हो गए हैं। पंचायत सीरीज में सचिव जी के किरदार से लोकप्रिय हुए जितेंद्र कुमार की मिर्जापुर की दुनिया में एंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।